अल्लापुर में दो पक्षों में मारपीट, पथराव
जासं, इलाहाबाद : जार्जटाउन थाना क्षेत्र के मटियारा रोड (अल्लापुर) में रविवार शाम मकान बिकने के कमीशन
जासं, इलाहाबाद : जार्जटाउन थाना क्षेत्र के मटियारा रोड (अल्लापुर) में रविवार शाम मकान बिकने के कमीशन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इससे नाराज एक पक्ष ने असलहों से लैस साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। दूसरे पक्ष ने भी पथराव कर मारपीट की। इसे लेकर हंगामा हो गया। सूचना पर एसपी सिटी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मटियारा रोड निवासी बच्चा यादव व उसके बड़े भाई विनोद यादव मोहल्ले के ही अरविंद भारतीय के साथ जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। बच्चा ने अल्लापुर के परशुराम निषाद का मकान बेचने के लिए अरविंद भारतीय से डेढ़ लाख रुपये एडवांस लिए थे। यह मकान किसी दूसरे को बेचना था। इसी बीच बच्चा यादव ने परशुराम का मकान कांग्रेस नेता श्रीशचंद्र दुबे को 22 लाख रुपये में बेच दिया और अरविंद भारतीय को डेढ़ लाख रुपये वापस कर दिया। इससे अरविंद नाराज था। मकान का कमीशन बच्चा को मिलना था। रविवार की शाम करीब सात बजे अरविंद भारतीय बच्चा के घर पहुंचा और कमीशन का आधा हिस्सा मांगा। बच्चा ने इंकार किया तो कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करा वापस चली गई। इसके बाद अरविंद भारतीय ने दर्जनों साथियों के साथ बच्चा के घर में धावा बोल दिया। बच्चा व उसके भाई विनोद को लाठी-डंडे से पीटा। इससे विनोद का सिर फट गया। इसी बीच बच्चा के परिजनों ने पथराव शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष से भी पथराव हुआ। खबर पाकर जार्जटाउन एसओ अंजनी सिंह कर्नलगंज व कीडगंज थाने की पुलिस के साथ पहुंचे। एसपी सिटी राजेश यादव भी सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी के साथ पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई कर बच्चा के भाई राजेश यादव व दूसरे पक्ष से अरविंद के पिता किशुन और राजू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पक्षों से तहरीर दी गई है।