Move to Jagran APP

तीसरी बार स्वराज भवन में ठहरीं सोनिया

संजय कुशवाहा, इलाहाबाद : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वराज भवन में तीसरी बार रात्रि प्रवास किय

By Edited By: Published: Sat, 13 Feb 2016 01:32 AM (IST)Updated: Sat, 13 Feb 2016 01:32 AM (IST)
तीसरी बार स्वराज भवन में ठहरीं सोनिया

संजय कुशवाहा, इलाहाबाद : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वराज भवन में तीसरी बार रात्रि प्रवास किया है। इसके पहले भी वह दो बार यहां रात को रुक चुकी हैं। 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष यहां तीन दिन रुकी थीं। गौरतलब यह भी है स्वराज भवन में उनके तीनों ही प्रवास भाजपा की सरकार में हुए हैं। पिछले दोनों प्रवास के दौरान देश की बागडोर प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के हाथों में थी।

loksabha election banner

वर्ष 1999 में पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां रात्रि प्रवास किया था। उस समय भी माघ मेला चल रहा था। अपने तीन दिन के प्रवास के दौरान सोनिया गांधी ने आनंद भवन, स्वराज भवन व कमला नेहरू स्मारक अस्पताल के बारे में जानकारी ली थी। ट्रस्ट से जुड़े लोगों से मिलकर उनकी परेशानी जानी थी। उस दौरान उन्होंने किला घाट से होते हुए पवित्र त्रिवेणी के संगम तट पर डुबकी भी लगाई थी। इसके पश्चात माघ मेले में प्रवास कर रहे शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद से भेंट कर आशीर्वाद लिया था। निजी कार्यक्रम होने के बाद भी कांग्रेस अध्यक्ष कुछ कार्यकर्ताओं के घर भी पहुंची थीं। इस दौरे में उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री, रमेश चेन्नेथाला, मणिशंकर अय्यर और मोहसिना किदवई जैसी दिग्गज नेता भी शामिल थीं। सोनिया गांधी के साथ मोहसिना स्वराज भवन में व अन्य नेता शहर के होटलों में रुके थे।

स्वराज भवन में उनका दूसरा प्रवास 2002 में हुआ था। विधानसभा चुनाव को लेकर जौनपुर से रोड शो करते हुए सोनिया इलाहाबाद पहुंची थीं। दूसरे दिन टेलीवीजन शो में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। इसके बाद प्रियंका गांधी के साथ वह आगे के लिए रवाना हो गई थीं। शुक्रवार को स्वराज भवन में उनका तीसरा रात्रि प्रवास हुआ। इसे लेकर स्वराज भवन में पहले से तैयारी की गई थी।

--

मिल सकती है स्थानीय नेताओं को संजीवनी

इलाहाबाद : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का इलाहाबाद दौरा भले ही निजी हो पर कांग्रेसियों के लिए इसने संजीवनी का काम किया है। शुक्रवार को स्वराज भवन के बाहर अपने नेता के दीदार में जुटे कार्यकर्ताओं के चेहरे की चमक यह बता रही थी। कांग्रेसियों को पूरा विश्वास है कि शनिवार की सुबह उनकी अपनी नेता से मुलाकात होगी। संभव है कि आगामी वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष से कोई न कोई टिप्स मिले, जो उनके लिए संजीवनी का काम करेगी। शहर अध्यक्ष उपेंद्र सिंह कहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष के आने से कार्यकर्ता उत्साहित हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुनाथ द्विवेदी कहते हैं पार्टी अध्यक्ष ससुराल आयी हैं और उनके आने मात्र से कार्यकर्ता उत्साह से फूले नहीं समा रहे हैं। वहीं प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय का कहना है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर यह दौरा काफी अहम हो सकता है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकुंद तिवारी की मानें तो सोनिया गांधी के दौरे के बाद यहां के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

---

कांग्रेसियों ने शुरू कर दी नारेबाजी

इलाहाबाद : स्वराज भवन गेट पर जमा कांग्रेसियों ने उस समय नारेबाजी शुरू कर दी जब अंदर से वाहनों का काफिला बाहर निकलने लगा। कार्यकर्ताओं को लगा कि सोनिया गांधी बाहर निकल रही हैं। हालांकि बाद में पता चला कि तीनों ही गाड़ियां खाली थीं। एक गाड़ी में कुछ जवान नजर आए। इसके बाद गेट को फिर से बंद कर दिया गया।

----

सोनिया ने लिया गार्डेन का नजारा

इलाहाबाद : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वराज भवन के खूबसूरत गार्डेन का नजारा भी लिया। नीली साड़ी में स्वराज भवन में वह फूलों को निहारती रहीं। कुछ देर के लिए वह अपने साथ आए लोगों के साथ स्वराज भवन के छत पर भी पहुंची। इसके बाद कमला नेहरू ट्रस्ट से जुड़े लोग स्वराज भवन पहुंचे और फिर मीटिंग शुरू हो गई।

---

लगे राजीव गांधी की मूर्ति

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शेखर बहुगुणा कहते हैं वह पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुजारिश करेंगे कि राजीव फाउंडेशन की तरफ से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की एक विशाल मूर्ति इलाहाबाद में लगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.