सर्दी में गर्मी का अहसास
जासं, इलाहाबाद : जनवरी का पहला सप्ताह हाड़ कंपाता है, पर इस बार यह लोगों का पसीना निकाल रहा है। दिन म
जासं, इलाहाबाद : जनवरी का पहला सप्ताह हाड़ कंपाता है, पर इस बार यह लोगों का पसीना निकाल रहा है। दिन में तेज धूप लोगों को गरम कपड़े उतारने पर मजबूर कर दे रही है। रात में भी उमस का अहसास होता है। तापमान में वृद्धि जारी है। सूर्य के उत्तरायण होने का असर भी तापमान को बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। आशा की किरण हिमालय में उतरने वाले पछुआ विक्षोभ पर टिकी है।
आमतौर पर 15 दिसंबर के बाद सर्दी अपना असली रूप दिखाती है। इस बार भी ऐसा होने का अनुमान लगाया जा रहा था। दिसंबर ऐसे ही बीत गया। नए साल के पहले दिन ने उम्मीद जगाई। बादल आए और शीतलहरी से पारा लुढ़का। दूसरे दिन कोहरे ने भी असर दिखाया, लेकिन इसके बाद सबकुछ फिर पुराने ढर्रे पर। तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 था जो गुरुवार को बढ़कर 29.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था जो गुरुवार को 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान बढ़ने से सर्दी में भी गर्मी का अहसास होने लगा है। खासकर दिन में तेज धूप अपना असर दिखा रही है। दिन में लोग गरम कपड़ों से तौबा कर रहे हैं। रात को सोते समय उमस परेशान कर रही है।
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएस ओझा बताते हैं कि 22 दिसंबर से सूर्य उत्तरायण होने लगा। इसकी किरणें लगातार तीखी हो रही हैं। इसका असर भी मौसम पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि अब सारी आशा हिमालय पर उतरने वाले पछुआ विक्षोभ से है। पश्चिम की शीतलहर आएगी तभी मौसम बदल सकेगा। वैसे अभी इसकी संभावना कम है।
----
..तो पड़ेगी प्रचंड गर्मी
इलाहाबाद : सर्दी का यह हाल गर्मी में भी बेहाल करेगा। मौसम विज्ञानी इस बात की आशंका भी जता रहे हैं। उनका कहना है कि सर्दी में तापमान का इतना चढ़ना शुभ नहीं है। सर्दी में अधिकतम पारा अगर 30 डिग्री सेल्सियस चल रहा है तो फिर गर्मी में यह 47-48 तक पहुंच जाएगा। अनुमान यही है कि इस गर्मी भी प्रचंड रूप दिखाएगी।
-------
गरीबों को बांटे कपड़े
इलाहाबाद : करेली की एवेंजर्स गु्रप ने बुधवार की रात फुटपाथ और पेड़ के नीचे सोने वाले गरीबों को बुधवार की रात गरम कपड़े बांटे। इस मौके पर फरहान अहमद, सैफ तुफैल, फैजुल इस्लाम, सैफ शाहिद, वसीम खान, शदाब खान आदि शामिल रहे।