ओवरलोड टेंपो पलटा, छह घायल
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : रामबाग से सवारी लेकर जा रही ओवरलोड टेंपो शुक्रवार दोपहर नए यमुना पुल पर
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : रामबाग से सवारी लेकर जा रही ओवरलोड टेंपो शुक्रवार दोपहर नए यमुना पुल पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टेंपो सवार एक परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद चालक, खलासी टेंपो छोड़कर भाग निकले। गाड़ी चलाने के दौरान चालक मोबाइल पर बात करने लगा तभी हादसा हो गया। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर है।
मांडा के भारतगंज में रहने वाला किसान गुरुवार को शहर आया था। वह सलीमुन निशा, फातिमा और दो बच्चों के साथ रामबाग पहुंचा। सभी एक टेंपो में सवार हो गए। टेंपो में कुल दस लोग बैठे थे। नए पुल पर पहुंचते ही टेंपो चालक के मोबाइल पर किसी का फोन आया तो वह बात करने लगा। इसी दौरान टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार मची तो राहगीर मदद को दौड़ पड़े। हादसे के बाद चालक और खलासी भाग निकले। टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची नैनी पुलिस ने जख्मी महिलाओं और बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर नैनी रमेश पांडेय का कहना है कि प्राथमिक जांच में चालक की लापरवाही से दुर्घटना की बात सामने आई है। नंबर के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है।