घर में घुसा पानी तो सटा दिया तमंचा
जासं, इलाहाबाद : कैंट थानाक्षेत्र के गंगानगर मुहल्ले में मंगलवार शाम नाली में पानी बहाने को लेकर दो
जासं, इलाहाबाद : कैंट थानाक्षेत्र के गंगानगर मुहल्ले में मंगलवार शाम नाली में पानी बहाने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान एक शख्स ने दूसरे की कनपटी पर तमंचा सटा दिया तो हंगामा मच गया। दोनों पक्षों से दर्जनों लोग लाठी और डंडा लेकर निकल आए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर हटाया। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
गंगा नगर निवासी राम सुमेर और मैकू लाल पड़ोसी हैं। उनके मकान के सामने एक नाली है। नाली में पानी ज्यादा होने पर राम सुमेर के दरवाजे तक पानी पहुंच जाता है। मंगलवार शाम करीब चार बजे मैकू का बेटा आशीष अपने चबूतरे पर बाइक धो रहा था। इसी दौरान उसने कई बाल्टी पानी नाली में गिरा दिया तो पानी राम सुमेर के घर में घुस गया। इस पर राम सुमेर ने आपत्ति जताई तो दोनों में मारपीट हो गई। विवाद बढ़ा तो आशीष तैश में आ गया। वह घर से तमंचा लाया और रामसुमेर की कनपटी पर सटा दिया। यह देख वहां हंगामा शुरू हो गया और दोनों पक्षों से दर्जनों लोग लाठी व डंडा लेकर निकल आए। पड़ोसियों की सूचना पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची तो आशीष भाग निकला। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। राम सुमेर और मैकू ने एक दूसरे पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।