बेटे को कमर में बांध महिला ने लगाई आग
सहसों, इलाहाबाद : जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के चिरौड़ा गांव में शुक्रवार की सुबह दिल दहला देने वाल
सहसों, इलाहाबाद : जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के चिरौड़ा गांव में शुक्रवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना घट गई। पति दिलीप चौरसिया से विवाद के बाद करीब दस बजे अनीता (24) ने अपने दो वर्षीय पुत्र बबलू को साड़ी से कमर में बांध केरोसीन छिड़क कर आग लगा ली। अस्पताल ले जाते समय अनीता की मौत हो गई। बबलू को सहसों स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां वह जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहा है।
दिलीप दिल्ली में किसी कंपनी में काम करता है। गुरुवार 30 अप्रैल को वह पत्नी और बच्चे के साथ चिरौड़ा गांव लौटा था। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर अनीता का अपने पति दिलीप से विवाद हो गया। बातचीत इतनी बढ़ी कि अनीता जान देने पर अमादा हो गई। काफी देर तक विवाद होने के बाद दिलीप घर से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद कमरे से अनीता की चीख पुकार सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो सामने का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में केरोसीन पड़ा था। अनीता ने साड़ी से कमर में अपने पुत्र बबलू को बांध रखा था और मां-बेटे आग की लपटों से घिरे थे। ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। आनन-फानन में दोनों को सहसों स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बबलू को डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया, जबकि अनीता को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे एसआरएन चिकित्सालय ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी इफ्को का कहना है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारण घटना हुई है। अनीता के ससुराल और मायके वाले अभी कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं।