कपड़ा कंपनी के कर्मचारियों से ढाई लाख लूटे
करछना, इलाहाबाद : करछना के मरदापुर गांव में चार बाइक पर सवार आठ बदमाशों ने सोमवार को कपड़ा कंपनी के त
करछना, इलाहाबाद : करछना के मरदापुर गांव में चार बाइक पर सवार आठ बदमाशों ने सोमवार को कपड़ा कंपनी के तीन कर्मचारियों को तमंचा सटाकर ढाई लाख रुपये लूट लिए। सरेशाम हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की खोजबीन शुरू की है।
कोतवाली इलाके में हीवेट रोड पर स्थित राधे टेक्सटाइल के तीन कर्मचारी भारत भूषण शुक्ला, राम प्रकाश और शिवम पाल कार से वसूली के लिए करछना होते हुए मेजा गए थे। शाम लगभग छह बजे वह जैसे ही करछना के मरदापुर गांव के निकट पहुंचे, पीछे से चार बाइक पर सवार होकर आए आठ बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों में से एक ने तमंचे की मुठिया से कार का शीशा तोड़कर कर्मचारियों को तमंचा सटाकर बाहर निकाला फिर उनके पास से ढाई लाख की नकदी, डेढ़ लाख का चेक व ढाई लाख की बैंक स्लिप छीन ली। कर्मचारियों को लूटने के बाद बदमाश धमकाते हुए भाग निकले। लुटेरों के चंगुल से निकलने के बाद तीनों कर्मचारियों ने फोन कर वारदात के बारे में अपने मालिक को बताया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची करछना पुलिस ने तीनों कर्मचारियों की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष करछना दिनेश पांडेय के मुताबिक हमलावरों की खोजबीन की जा रही है।