दिखी आधुनिकता की झलक
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान इलाहाबाद के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान इलाहाबाद के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव में छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया। उत्सव के दूसरे दिन शनिवार को फैशन शो, समूह नृत्य, टैटू पेंटिंग, साहित्यिक सहित आधा दर्जन से अधिक प्रतियोगिताएं हुई, जिसमें कई संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। ट्रिपल आइटी के झलवा स्थित परिसर में बने भव्य स्टेज पर मॉडलों ने रैंप पर 'परम्परा और तिलक' पर आधारित फैशन शो में कैटवॉक कर, आधुनिकता एवं भारतीय संस्कृति का नायाब नमूना पेश किया। इसमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 43 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इससे पूर्व समूह नृत्य में छात्रों ने अपनी छाप छोड़ी। फिल्मी व लोकगीतों पर मोहक नृत्य प्रस्तुत कर सबको थिरकने पर मजबूर कर दिया। प्रश्नोत्तरी में 25 से अधिक टीमों ने प्रतिस्पर्धा की। इसमें ट्रिपल आइटी के परेश चौधरी और शुभम शर्मा प्रथम रहे। जबकि अक्षय चतुर्वेदी और आरुषि ने दूसरा पुरस्कार हासिल किया। बिजनेस क्विज में 35 छात्र-छात्राओं ने करिश्मा दिखाया। दिव्याशु एवं शिवानी ने संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार जीता। मेलोडीएक्स में लाइव आरर्केस्ट्रा के साथ 20 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। नाटक 'मैं एक लड़की हूं' को सबने खूब सराहा। इसमें माधवी त्रिपाठी व राघव गर्ग ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अभिनेता का पुरस्कार जीता। सेलिब्रिटी नाइट में रविवार की शाम बॉलीवुड गायिका सोना महापात्र मुख्य आकर्षण होंगी।