'लव जेहाद' से बचने को करेंगे जागरूक
जासं, इलाहाबाद : विश्व हिंदू परिषद प्रयाग महानगर की बैठक बुधवार को केसर भवन में हुई। इसमें प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि विहिप ने स्थापना का 50 वर्ष पूरा कर लिया। इसके उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती वर्ष पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। पहले चरण में चार हजार प्रखंडों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें करीब 30 लाख लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नारी अबला नहीं सबला है। लव जेहाद की शिकार होने से बचने के लिए नारियों में भाव पैदा किया जाएगा। उन्हें जागरूक करने का काम भी किया जाएगा। प्रांत संगठन मंत्री ने दो नवंबर को देशव्यापी रक्तदान शिविर आयोजित करने की भी जानकारी दी। शिविर में एक लाख लोगों द्वारा रक्तदान करने का भी दावा किया गया। संगठन मंत्री ने कहा कि काशी प्रांत में 13 बड़े सम्मेलन होंगे। प्रयाग महानगर में सम्मेलन 25 जनवरी को होगा। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने की। इसमें पुनीत वर्मा, विनोद अग्रवाल, संजय गुप्ता, किशन जायसवाल, प्रभात सिंह, योगेंद्र श्रीवास्तव, प्रभात चंद्र ओझा, प्रेमचंद्र गुप्ता आदि शामिल थे।