उप चुनाव में हार को आदित्यनाथ जिम्मेदार नहीं : नकवी
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहा कि यूपी और देश के अन्य हिस्सों में हुए उप चुनाव का मिला-जुला परिणाम रहा। सूबे में पार्टी की हार का ठीकरा प्रचार प्रभारी और सांसद योगी आदित्यनाथ के सिर फोड़ने को उन्होंने गलत करार दिया। कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई थी, उन्होंने उसे पूरी तरह निभाया। हार और जीत का श्रेय सभी को जाता है, इसके लिए किसी व्यक्ति विशेष को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यूपी में निराशाजनक परिणाम भले ही देखने को मिला, मगर आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल और असम के सिलचर में भाजपा की जीत हुई। वहीं उन्होंने सपा को आगाह किया कि अति उत्साह में वह इस जीत को प्रदेश में फैले अराजकता, कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए जनता का प्रमाणपत्र न समझे। भाजपा की नीति का ही परिणाम है कि महंगाई दर पहले से कम हुई है। लोक सेवा आयोग में कथित भ्रष्टाचार के सवाल को यह कहकर टाल गए कि पुख्ता सुबूत मिलने पर ही बात की जाएगी। वहीं उन्होंने चीन से संबंधों को बनाने के लिए चल रहे प्रयास को बेहतर बताया। प्रेसवार्ता में सांसद केशव प्रसाद मौर्य, जिलाध्यक्ष रामरक्षा द्विवेदी, महानगर अध्यक्ष शशि वाष्र्णेय आदि मौजूद रहीं।