परिवर्तन और विकास की भाषा है हिंदी
जासं, इलाहाबाद : उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने कहा कि आज परिवर्तन और विकास की भाषा के रूप में हिंदी के महत्व को नए सिरे से रेखांकित किया जा रहा है। इसके चलते अपेक्षाएं निरंतर बढ़ेंगी जिस पर खरा उतरने के लिए हमें सदैव प्रतिबद्ध रहना होगा। वे उमरे मुख्यालय सूबेदारगंज में राजभाषा पखवारा का उद्घाटन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे में सतत कुंजीयन और कंप्यूटिंग प्रशिक्षण द्वारा हिंदी की प्रगति को नया आयाम दिया जा रहा है। स्टेशन पर हिंदी के सहज, सरल एवं सही प्रयोग से राजभाषा के प्रति हमारा संकल्प परिलक्षित होता है। महाप्रबंधक ने उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, इलाहाबाद द्वारा द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए जाने पर बधाई भी दी।
महाप्रबंधक की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी ओमप्रकाश ने उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा प्रगति तथा राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इससे पूर्व जीएम ने मुख्यालय की त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका रेल संगम के परिचालन विभाग विशेषांक का विमोचन किया। संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी चंद्रभूषण पांडेय ने तथा उप मुख्य राजभाषा अधिकारी विनीत द्विवेदी ने आभार प्रकट किया।
-------
हिंदी में कार्य के लिए सम्मानित
इलाहाबाद : केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) में राजभाषा सप्ताह मनाया गया। अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक राजनारायण ने कहा कि संगठन में राजभाषा का प्रयोग-प्रसार बढ़ाने में अधिकारी व कर्मचारी अपना योगदान जारी रखें। मुख्य राजभाषा अधिकारी ने सप्ताह में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं व हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने वाले 19 अधिकारियों व 68 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह के अंत में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें रामकिशोर तिवारी, विकास सिंह 'बौखल', शिव किशोर तिवारी 'खंजन', दुष्यंत शुक्ल 'सिंहनादी' ने काव्यपाठ किया।