इसी माह से संगम में फोरलेन पुल की कवायद
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : संगम क्षेत्र में फोर लेन पुल के निर्माण का खाका जल्द ही मूर्तरूप लेता नजर आएगा। पुल का ले-आउट स्थानीय अधिकारियों को मिल चुका है। सितंबर माह के दूसरे सप्ताह तक पुल निर्माण के लिए प्रक्रिया तेज हो जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले इस पुल को लेकर लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। इस बैठक में सभी महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुख सचिवों को बुलाया गया था। इसमें इलाहाबाद के जिलाधिकारी पी गुरुप्रसाद भी मौजूद थे। इस दौरान संगम क्षेत्र में प्रस्तावित फोर लेन पुल के ले आउट को दिखाया गया। बताया गया कि किस तरह प्रस्ताव के अंतर्गत अरैल साइड में लगभग 3200 मीटर लंबाई में यमुना के दाएं तट पर गाइड बंध के ऊपर फोरलेन मार्ग का निर्माण होगा। संगम से 1250 मीटर डाउन स्ट्रीम से गंगा के ऊपर लगभग 1445 मीटर लंबाई में फोर लेन सेतु का निर्माण होगा। इसके साथ ही झूंसी साइड में गंगा के बाएं तट पर लगभग 1675 मीटर लंबाई में वाया डक निर्मित कर फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाना है। इसकी अनुमानित लागत 860 करोड़ होगी। पुल की निर्माण अवधि तीस माह प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जल्द ही संगम क्षेत्र से लेकर अरैल क्षेत्र तक दौरा करने आ रही है। चार सितंबर तक इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हो जायेगी। इसके बाद ही टेंडर जैसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया की शुरुआत होगी। इस बारे में जिलाधिकारी पी गुरुप्रसाद का कहना है कि संगम पर बनने जा रहे नए फोर लेन पुल की निर्माण प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी।