सरकारी नौकरी के नाम पर तीन को ठगा
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : लोक सेवा आयोग में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक ने एक महिला समेत तीन लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। नौकरी न मिलने पर जब महिला ने पैसे मांगने शुरू किए तो उसे धमकी दी जाने लगी। इस पर महिला ने नवी मुंबई में एसएम शुक्ला नामक शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां से मामले को सिविल लाइंस थाने ट्रांसफर कर दिया गया। अब पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
नवी मुंबई के ऐरौली के रहने वाले गुन्नी लाल गुप्ता की पत्नी मधु का आरोप है कि 2012 में अपने बेटे शोएब के साथ भदोही गई थी। इसी दौरान एसएम शुक्ला नामक व्यक्ति मिला जिसने खुद को लोक सेवा आयोग का कर्मचारी बताया। उसने नौकरी लगवाने की बात कही। जालसाज के झांसे में फंसी महिला ने उसे मुंबई बुलाया जहां नागेन्द्र, सुशील और महिला ने साढ़े चार लाख रुपये दिए। कुछ दिनों बाद एसएम शुक्ला ने महिला को साक्षात्कार के लिए पहले राजस्थान फिर लखनऊ बुलाया। दोनों जगह साक्षात्कार देने के बाद भी जब नौकरी न मिली तो धोखाधड़ी का संदेह हुआ। इस पर मधु ने पैसे की मांग की तो वह धमकाने लगा। इससे तंग आकर उसने रिपोर्ट दर्ज करा दी। शुक्रवार को मधु ने एसएसपी से मुलाकात की। इस पर मुंबई से ट्रांसफर केस सिविल लाइंस में दर्ज हो गया।