दवाओं के लिए बजट की कमी नहीं
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : प्रदेश में दवाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। महंगी दवाओं के लिए सरकारी अस्पतालों में अलग से 20 फीसदी बजट दिया गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में प्रदेश ने काफी तरक्की की है। यह विचार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन ने गुरुवार को पुलिस लाइंस में आयोजित समारोह में व्यक्त किए। इस मौके पर उन्होंने गर्भवती माताओं और शिशुओं को समर्पित 102 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जनपदों के लिए रवाना किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्व में चलाई गई एंबुलेंस 108 ने एक साल में 27 लाख लोगों की जान बचाई। देश में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी तरह की यह सबसे बड़ी सर्विस है। उन्होंने कहा कि 102 एंबुलेंस सेवा के अंतर्गत अब तक 1150 वाहनों का संचालन किया जा रहा है। गुरुवार से 59 नवीन वातानुकूलित वाहनों को मंडल में चलाया जा रहा है। चौबीस घंटे जारी रहने वाली इस सेवा को पूरी तरह से मां एवं उसके एक वर्ष तक के शिशु के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए जारी किया गया है। इस सेवा के लिए की गई कॉल पर शहरी क्षेत्रों में 20 मिनट व ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के अंदर एंबुलेंस पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बसपा शासन काल में हुए एनआरएचएम घोटाले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बसपा के कई मंत्री जेल में हैं। 72 डॉक्टर भी जेल भेजे जा चुके हैं। कई और डाक्टर भी अभी जेल जाएंगे। सरकारी डाक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक लगाने को सरकार कटिबद्ध है। बेईमान डॉक्टरों को काम नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सीएमओ को पोस्टिंग के लिए 50 लाख रुपये नहीं देने पड़ते। यही कारण है कि सरकार अधिकारियों से अच्छे कार्य की उम्मीद करती है। इस मौके मंडलायुक्त बादल चटर्जी, जिलाधिकारी पी गुरु प्रसाद, एसएसपी दीपक कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह, विधायक गामा पांडेय, सत्यवीर सिंह मुन्ना, अंसार अहमद, प्रशांत सिंह, सईद अहमद, रामवृक्ष यादव, विनय कुशवाहा आदि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत सीएमओ डा. पदमाकर सिंह व संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया।
-------
छलक पड़ा बदायूं कांड का दर्द
इलाहाबाद : आए तो थे मंत्री जी एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ करने, लेकिन जब मंच पर पहुंचे तो बदायूं कांड का दर्द छलक ही पड़ा। बोले बदायूं कांड को लेकर मीडिया में जिस प्रकार से दुष्प्रचार किया गया, वह सही नहीं था। सच्चाई से बहुत इतर था। सपा सरकार को बदनाम करने की एक बड़ी साजिश थी। हम कहां से लाएंगे अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा। अपने भाषण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन यह कहने से भी नहीं चूके कि किसानों की सिंचाई को माफ करने व युवाओं को लैपटाप से लैस करने का दावा सपा ने पूरा कर दिखाया। जबकि इसके पहले की सरकारें सिर्फ बोलतीं थीं, करती कुछ नहीं थीं।
------
सायरन की आवाज से गूंज उठा मैदान
इलाहाबाद : पुलिस लाइन मैदान आज रंग बिरंगी एंबुलेंस से सजा हुआ था लग रहा था कि जैसे कोई बारात आई हुई है। जब स्वास्थ्य मंत्री ने इन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर प्रतापगढ़, कौशांबी व फतेहपुर के लिए रवाना किया तो पूरा मैदान सायरन की आवाज से गूंज उठा। एक साथ लगभग चार दर्जन एंबुलेंस मैदान का चक्कर काटते हुए अपने गंतव्य के लिए फर्राटा भरने लगीं। यह नजारा वाकई में मन को मोहने वाला था।
---------