महिला और युवक को गोली मारी
इलाहाबाद : जिले के गंगापार के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक महिला और युवक को गोली मार दी गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हंडिया में घर में सो रही महिला को गोली मारी गई तो बहरिया क्षेत्र में रुपये के लेन-देने को लेकर युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
हंडिया थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी स्व. धर्मराज की पत्नी दुलारी घर में अकेली रहती है। उसकी दो पुत्रियां व एक पुत्र हैं। पुत्रियों की शादी कर दी है, जबकि पुत्र मुंबई में टैक्सी चलाता है। सोमवार रात दुलारी घर के भीतर तख्त पर सो रही थी। देर रात करीब 1.30 बजे उसके घर में एक युवक दाखिल हुआ। युवक ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। दुलारी कुछ समझ पाती, इससे पहले उसने तमंचे से गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते हमलावर भाग निकला था। दुलारी को लोग स्थानीय पुलिस चौकी पर ले गए, लेकिन यहां किसी प्रकार की मदद नहीं मिली। फलस्वरूप, ग्रामीण दुलारी को एसआरएन अस्पताल लाकर भर्ती कराया। यहां स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पुलिस चौकी के प्रभारी ने वायरलेस पर हंडिया पुलिस को घटना की जानकारी दी। अस्पताल में भर्ती दुलारी ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। फिलहाल, उसे गोली किन कारणों से मारी गई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
बहरिया प्रतिनिधि के अनुसार लखनपुर चौराहे पर सोमवार देर शाम करीब नौ बजे एक युवक को उस समय गोली मार दी गई, जब वह लखनपुर चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक से मिलने जा रहा था। मामले में उक्त युवक ने अपने ससुराल के तीन लोगों के खिलाफ बहरिया थाने में मंगलवार को मुकदमा पंजीकृत कराया है।
बहरिया निवासी सकलैन सोमवार को देर शाम बाइक से अपने मित्र राजू से मिलने लखनपुर चौराहे पर जा रहा था। जैसे ही वह लखनपुर चौराहे पर पहुंचा कि पीछे से किसी ने सकलैन को गोली मार दी। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। बाद में सकलैन ने बहरिया पुलिस को तहरीर देकर बबुआन अली, सहीम, नसीम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। उसका कहना है कि ससुरालवालों से रुपये के लेन-देन के चक्कर में विवाद था और उन्हीं लोगों ने गोली मारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी अब्दुल सत्तार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की भी जांच की जा रही है।