युवक ने फांसी लगाकर दी जान
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : नैनी थाना क्षेत्र के पूरा पांडेय अजवइया गांव में रहने वाले अशोक कुमार दुबे (40) नाम के युवक ने सोमवार की देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह उसका शव घर के पुराने हिस्से में नायलान की रस्सी से लटकता मिला। अशोक ने खुदकुशी क्यों कि परिजन इस बारे में कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं।
पूरा पांडेय अजवइया गांव में रहने वाले रंगीले दूबे का पुत्र अशोक टैक्सी चलाता था। सोमवार की शाम वह घर से निकला था। देर रात वापस लौटा। मां उसका खाने पर इंतजार कर रही थी। देर रात आने पर वह घर के पुराने हिस्से में चला गया। सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अंदर कमरे में नायलान की रस्सी से अशोक का शव लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि अशोक कुछ अवसाद में था। उसी हताशा में उसने जान दी है।