अब माध्यमिक कालेजों में साप्ताहिक पाठ्यक्रम
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : प्राथमिक स्कूल से लेकर माध्यमिक कालेजों तक में इस बार शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में इलाहाबाद के कालेजों में तो साप्ताहिक पाठ्यक्रम लागू करने का फरमान जारी किया गया है। इससे पठन-पाठन का बेहतर माहौल बनेगा साथ ही शिक्षकों की जवाबदेही भी जरूरी होगी।
मौजूदा शैक्षिक सत्र को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक प्रथम कोमल यादव ने संतअंथोनी गर्ल्स इंटर कालेज में प्रधानाचार्यो की बैठक की। डीआइओएस कोमल यादव ने कहा कि समय पर छात्रवृत्ति और मास्टर डेटा न फीड किया जाना जनपद के लिए असंतोष की बात है। उन्होंने प्रधानाचार्यो से कहा कि जनपद में कार्यो को बेहतर ढंग से पूर्ण किया जाए। वित्त एवं लेखाधिकारी संजय सिंह ने कहा कि अब शिक्षा विभाग के वेतन की समस्या लगभग समाप्त हो गयी है, परन्तु आटो जनरेट वेतन के कारण अब कोई आयकर छिपाने का प्रयास करेगा या फिर समय पर विवरण नहीं भेजेगा तो उसे आयकर विभाग के चक्कर काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 2005 के बाद नियुक्त अध्यापकों और कर्मचारियों के आंशिक पेंशन योजना का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। सभी कर्मचारियों के विवरण को समयबद्ध तरीके से विद्यालयों को भेजना पड़ेगा अन्यथा बोझ बढ़ेगा।
प्रधानाचार्यो की बैठक में जिले में दो-दो जिला विद्यालय निरीक्षकों की तैनाती विशेष रही। ज्ञात हो कि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रथम के पद पर कोमल यादव व डीआइओएस द्वितीय के पद पर आरएन विश्वकर्मा को शासन ने नियुक्त किया है। समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रवृत्ति के निर्देशों को बताया। संचालन सह जिला विद्यालय निरीक्षक सत्य नारायण चौरसिया ने किया। यहां पर डॉ. हरि प्रकाश, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. अर्जुन प्रसाद, डॉ. जय प्रकाश वर्मा, लवकुश सिंह, उपेंद्र वर्मा, कामाक्षी सिंह, श्याम शंकर यादव, करुणा शंकर, मो. जावेद, दिवाकर, चंद्रशेखर सिंह, डॉ. दिलीप अवस्थी, अशोक कुमार, डॉ. अनिल सिंह, रवींद्र कुमार, कुमार दीपक आदि थे।
.....................
डीडीआर पर बेजा टिप्पणी से भड़के शिक्षक
इलाहाबाद : संतअंथोनी गर्ल्स इंटर कालेज में हुई प्रधानाचार्यो की बैठक में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब ईश्वरदीन छेदीलाल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शशिकांत मिश्र ने पूर्व डीआइओएस व मौजूदा डीडीआर महेंद्र कुमार सिंह पर बेजा टिप्पणी कर दी। प्रधानाचार्य मिश्र ने 2014-15 के लिए नियुक्त किये गये खेल सचिव अजय सिंह के लिए यह कहकर विरोध किया कि लगातार तीसरी बार खेल सचिव पूर्व डीआइओएस के निर्देश पर ही बनाया गया है। इस पर ब्वायज इंटर कालेज के प्रधानाचार्य दुर्ग विजय सिंह और लाल चंद्र इंटर कालेज जसरा के प्रधानाचार्य प्रेम प्रकाश सिंह ने मंच पर जाकर डीआइओएस कोमल यादव से इसकी शिकायत की और प्रधानाचार्य मिश्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, खेल सचिव अजय सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्य का यह आरोप शासनादेश की जानकारी न होने के कारण है।