रोडवेज कर्मियों ने खोला प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ द्वारा परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कर्मचारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर धरना दिया। इस मौके पर ज्ञापन सौंप अपनी मांगों को दोहराया।
धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मंत्री राजकुमार शुक्ला ने कहा कि निगम प्रबंधन द्वारा निगम व कर्मचारियों की अनदेखी की जा रही है। वह अपने निजी स्वार्थो की पूर्ति के लिए कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है। मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों को दरकिनार करते हुए अपनी मनमानी में लिप्त है। राष्ट्रीयकृत मार्गो पर अवैध संचालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके चलते इलाहाबाद क्षेत्र को घाटा उठाना पड़ रहा है। प्रदेश मंत्री सत्य नारायण यादव ने कहा कि प्रबंधन की उदासीनता व नकारात्मक रवैये से निगम की हालत दिन पर दिन बदतर होती जा रही है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि 5 अगस्त को संघ द्वारा आंदोलन के दूसरे चरण में परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ के समक्ष धरना प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचें। तीन घंटे चले धरना प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक रामजीत वर्मा को प्रबंध निदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर त्रिलोक सिंह, राकेश कुमार द्विवेदी, ज्ञान सिंह, गिरजा शंकर सिंह, सत्य प्रकाश पांडेय, विनोद कुमार, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, दिनेश कुमार मौर्या, राजकुमार श्रीवास्तव, रघुराज कुमार आदि मौजूद रहे।