आज मनाई जाएगी ईद
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : सोमवार को आसमान में चांद का दीदार होते ही मुस्लिम बंधु खुशी से झूम उठे। मुस्लिम इलाकों में पटाखे फोड़कर चांद का इस्तकबाल किया गया। चांद दिखने की तस्दीक होने के बाद मंगलवार को ईद मनाई जाएगी। चांद रात शहर के सभी प्रमुख बाजार पूरी रात गुलजार रहे। ईद मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की।
ईद-उल-फितर मुसलमानों का पवित्र त्यौहार है। माहे रमजान में मुसलमान रोजा रखकर अल्लाह की इबादत में गुजार देते हैं। माह भर रोजा पूरा होने के बाद सबको ईद के चांद के दीदार की हसरत रहती है। चाद की पहली तारीख अर्थात जिस दिन चाद दिखाई देता है, उस रोज को छोड़कर दूसरे दिन ईद मनाई जाती है। सोमवार को चांद के दीदार के लिए लोगों की निगाहें आसमान की ओर लगी थीं। जैसे ही मस्जिदों से चांद दिखने का ऐलान हुआ, हर ओर खुशी छा गई। लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया। शाह वसीउल्लाह मस्जिद के मौलाना अहमद मकीन व शिया जामा मस्जिद चक जीरोरोड के इमाम जुमा और जमात मौलाना हसन रजा जैदी ने ईद का चांद दिखने की तस्दीक की। उनके मुताबिक मंगलवार को ईद धूमधाम से मनाई जाएगी।
उधर सोमवार को बाजार पर ईद की रंगत रही। ईद का जश्न मनाने के लिए लोगबाग पूरी रात खरीददारी करते रहे। महिलाएं जहा डिजाइनर सूट खरीदती नजर आई वहीं पुरुष कुर्ता। तरह तरह की सिवइयों और इत्र की खुशबू से भी बाजार महकते रहे।