सिपाही को धक्का देकर थाने से भागा बंदी
इलाहाबाद : सोरांव थाने से शनिवार रात एक बंदी सिपाही को धक्का देकर भाग निकला। उसे खाना खिलाने के लिए हवालात से बाहर निकाला गया था। जानकारी थाना प्रभारी और जिले के अधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। थाने के आसपास घेराबंदी की गई। आसपास के गांवों के लोगों से मदद मांगी गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस भागे बंदी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। इस संबंध में थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
सोरांव पुलिस ने दो दिन पहले तीन युवकों को चोरी के आरोप में पकड़ा था। तीनों सोरांव, चकिया, रामनगर के रहने वाल थे। पुलिस ने उनको हवालात में रखा था। शनिवार रात सोरांव क्षेत्र के रहने वाले युवक को होमगार्ड ने खाना खाने के लिए ताला खोलकर हवालात से बाहर निकाला। मौजूद सिपाही उसे लेकर कमरे की ओर बढ़ा। बताया जाता है कि अचानक बंदी ने सिपाही को धक्का दे दिया और तेजी से भागते हुए थाने की चहारदीवारी फांद गया। बंदी के भागने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना थाना प्रभारी को हुई तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए बंदी की तलाश में जुट गए।
वह जिस तरफ भागा था, वहां चारों तरफ घेराबंदी कर दी गई। आसपास के गांव के लोगों से बंदी को पकड़ने के लिए मदद मांगी गई। हालांकि, वह हाथ नहीं लगा। ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे का लाभ उठाकर वह भाग निकला। सूत्रों के अनुसार अब होमगार्ड और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयारी की जा रही है।