गाजियाबाद से भगाई गई किशोरी बरामद
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : कोतवाली पुलिस ने शनिवार की सुबह गाजियाबाद से भगाई गई किशोरी को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल परिसर से बरामद कर लिया। उसका प्रेमी भी गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी को उसके परिजनों के पास गाजियाबाद भेज दिया गया।
गाजियाबाद के नोयडा इलाके में रहने वाली एक किशोरी 11वीं में पढ़ती है। कोतवाली के ललित नगर मोहल्ले में रहने वाला शुभम वहां पर प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था। उसने किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। एक पखवारे पहले वह उसको भगाकर यहां ले आया। किशोरी को वह पहले अपने घर ले गया मगर परिजनों ने वहां नहीं रहने दिया। इस पर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल परिसर में रहने वाले अपने मामा रामू के यहां ले गया और उसे बताया कि वह किशोरी से बेहद प्रेम करता है और दोनों जल्द ही शादी करने वाले हैं। उसने रहने के लिए जगह मांगी मगर रामू ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। शुभम के मिन्नत करने पर वह किशोरी को अपने घर रखने के लिए तैयार हो गया। उधर, किशोरी के घर से भागने के बाद उसके परिजनों ने नोयडा थाने में शुभम के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी। नोयडा पुलिस को पूछताछ में पता चला कि शुभम उसे लेकर इलाहाबाद आया है। वहां की पुलिस ने कोतवाली पुलिस से संपर्क कर शुभम के बारे में जानकारी मांगी थी। कोतवाली पुलिस ने शुभम के बारे में जानकारी जुटाकर दबिश दी तो वह मिल गया। उसकी निशानदेही पर किशोरी को भी बरामद कर लिया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली शैलेंद्र सिंह के मुताबिक किशोरी को उसके परिजनों के पास भेज दिया गया है।