धूमनगंज में युवक को पीट-पीटकर मार डाला
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : धूमनगंज थानाक्षेत्र के हरवारा मुहल्ले में मंगलवार की रात चांद बाबू (33) नामक युवक को पीट-पीटकर मार डाला गया। पिटाई करने वालों ने चांद पर घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाया है। वहीं चांद की पत्नी ने जीआरपी के सिपाही दिनेश भारतीय पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। धूमनगंज पुलिस मामले में गैर इरादतन हत्या और चोरी के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज करके जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। शहर में इस तरह की यह दूसरी वारदात है। बीते सप्ताह कीडगंज थाना क्षेत्र में भी एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गई।
मूलरूप से कौशाम्बी जिले के सरांय अकिल कस्बे में रहने वाले वाहिद का पुत्र चांद बाबू अपनी पत्नी रेहाना और तीन बच्चों के साथ हरवारा मुहल्ले में फूलमती के घर किराए पर रहता था। यहां वह विक्रम चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। पत्नी रेहाना का कहना है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे जब चांद जब विक्रम चलाकर लौटे तभी पड़ोस में ही रहने वाले जीआरपी के सिपाही दिनेश भारतीय ने कहीं चलने को कहा। मना करने पर अपने साथियों के साथ उनकी पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घायल चांद को काल्विन अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं रेलवे पुलिस के सिपाही दिनेश भारतीय का कहना है कि रात करीब डेढ़ बजे चांद मेरे घर में घुसकर चोरी कर रहा था। तभी घरवालों की नींद टूट गई। इससे नाराज मुहल्ले के लोगों ने उसे मारा पीटा। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर बाद चीता पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां बुधवार सुबह चांद की मौत हो गई। नाराज मुहल्ले वालों ने मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को घेरने का प्रयास किया। साथ ही दिनेश के खिलाफ कड़ी नाराजगी जाहिर की। इंस्पेक्टर धूमनगंज का कहना है चांद चोरी करता था और स्मैकिया भी था। दिनेश की तहरीर पर चोरी के प्रयास व रेहाना की तहरीर पर दिनेश और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिनेश की तैनाती जंक्शन रेलवे स्टेशन पर है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
......
सिर से उठ गया पिता का साया
चांदबाबू की मौत के बाद उसकी पत्नी रेहाना का रो-रोकर बुरा हाल था। आठ साल के बेटे शाहिद व बेटियों शलीना व शबीना के सिर से पिता का साया भी उठ गया। अब उनकी जिंदगी संवारने के लिए कोई नहीं हैं। रेहाना का यह भी कहना था कि उसे बुधवार शाम चार बजे पति के मौत की सूचना पुलिस के जरिए मिली। जबकि उनकी मौत सुबह ही हो गई थी।