गंगा जमुनी की तहजीब अलीगढ़ नुमाइश का शानदार आगाज, रंगीन रोशनी से नहाया परिसर
गंगा जमुनी तहजीब की प्रतीक अलीगढ़ की राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) रविवार से शुरू होगी। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह उद्घाटन करेंगे। इसकी तैयारियां कर ली गई है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। फीता काटा, नारियल फोड़ा, गुब्बारे उड़े और हो गया गंगा जमुनी तहजीब की प्रतीक अलीगढ़ की राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) का शुभारंभ। उद्घाटन मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने किया। इस मौके पर श्रम एवं निर्माण समिति के चेयरमैन रघुराज सिंह, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी आकाश कुलहरि समेत पुलिस-प्रशासनिक अफसर व गणमान्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर नुमाइश परिसर शाम को रंगीन रोशनी में नहाया हुआ नजर आया।
मुख्यमंत्री ने नहीं दी स्वीकृति
20 जनवरी से लेकर 14 फरवरी तक नुमाइश प्रस्तावित है। इसके उद्घाटन के लिए पहले सीएम योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने व्यस्तता के चलते स्वीकृति नहीं दी तो प्रभारी मंत्री सुरेश राणा को आमंत्रित किया गया। उन्होंने स्वीकृति दे दी थी, लेकिन शनिवार को देर रात भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल की मां का निधन होने से आने का कार्यक्रम रद कर दिया।
मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने किया उदघाटन
मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने उद्घाटन किया। वह रविवार को समय से मित्तल गेट पर पहुंच गए और कबूतर उड़ाएं। इसके साथ उद्योग कक्ष व कृषि कक्ष का उद्घाटन किया गया। गांधी चौक पर माल्यार्पण, दरबार हॉल पर ध्वजारोहण व राष्ट्रगान, कृष्णांजलि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहीं अतिथियों ने संबोधित किया ।
अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना
प्रशासनिक अफसरों ने एक दिन पहले दरबार हॉल के सामने मंदिर में पूजा-अर्चना की। हवन में आहूति देकर नुमाइश की सफलता की कामना की। इस मौके पर डीएम चंद्रभूषण सिंह, सीडीओ दिनेश चंद्र, एडीएम सिटी एसबी सिंह, एसडीएम कोल जोगेंद्र सिंह, नुमाइश बाबू पीयूष साराभाई, सोम गुप्ता, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
अभी खाली हैं बाजार
नुमाइश का भले ही शनिवार को उद्घाटन हो जाए, लेकिन अभी तैयारियां अधूरी हैं। तहबाजारी बाजार खाली पड़ा है। यहां झूले नहीं लगे हैं। शिल्प ग्राम में भी दुकानें नहीं आई हैं। मुख्य बाजारों में भी दुकानें खाली हैं। जानकारों की मानें तो एटा, अतरौली व ग्वालियर में नुमाइश लगी है। वहां से दुकानदारों के न आने के चलते यहां दिक्कतें हो रही हैं।
22 से होगी सर्कस की शुरुआत
नुमाइश में पहली बार रेमेन सर्कस लग रहा है। इसमें मंगोलियन, अफ्रीकन, केन्या समेत कई देशों के कलाकार आएंगे। डॉग शो, पैरेट शो भी आयोजित किए जाएंगे। देश में एक मात्रा यही ऐसा सर्कस है, जिसे राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। सर्कस संचालन रजा खान ने बताया कि इसकी शुरुआत 22 से होगी।
कार्ड से गायब रघुराज सिंह का नाम
नुमाइश के उद्घाटन समारोह के लिए अतिथियों के कार्ड बंट चुके हैं। इसमें श्रम एवं निर्माण समिति के चेयरमैन रघुराज सिंह का नाम नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।