पलवल मार्ग के चौड़ीकरण को पेड़ काटने की मिली अनुमति
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अलीगढ़-पलवल मार्ग को फोरलेन करने के लिए पेड़ काटने की अनुमति देकर वन संरक्ष
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अलीगढ़-पलवल मार्ग को फोरलेन करने के लिए पेड़ काटने की अनुमति देकर वन संरक्षक ने फाइल लखनऊ भेज दी है। राज्य सरकार फाइल को भारत सरकार के पास भेजेगी। वहां से अनुमति मिलते ही पेड़ काटने का काम शुरू हो जाएगा। 67 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वन विभाग की 56 हेक्टेयर जमीन में करीब आठ हजार पेड़ खड़े हैं।
पलवल मार्ग का निर्माण स्टेट हाईवे के रूप में होना है। इसे पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड व सीडी वन मिलकर बनाएंगे। मार्ग को फोरलेन करने में हो रही देरी पर प्रदेश सरकार ने एक महीने पहले नाराजगी जताई थी। वन विभाग की सुस्ती से काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा था। पीडब्ल्यूडी ने मार्ग के चौड़ीकरण में बाधक पेड़ों की गिनती कराई। 12000 पेड़ मार्ग पर आ रहे थे। दूसरी बार गिनती कराई गई तो आठ हजार पेड़ रह गए। सड़क की चौड़ाई एक फुट कम कर 4000 पेड़ों को बचाया गया। फिर वन विभाग ने सर्वे किया और वन संरक्षक से अनुमति मिलने के बाद फाइल लखनऊ मुख्यालय भेज दी।
मार्ग को करीब 22 मीटर चौड़ा किया जाएगा। बीच में 2.50 मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा। डिवाइडर के दोनों ओर नौ-नौ मीटर चौड़ी सड़क होगी। एक-एक मीटर कच्ची पटरी होगी।
दो बाईपास : मार्ग पर खैर में 10 किलोमीटर लंबा बाईपास निकाला जाएगा। दूसरा बाईपास जट्टारी कस्बा 5.50 किलोमीटर निकाला जाएगा। इससे खैर व जट्टारी में पड़ने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।
मिट्टी का कार्य शुरू : टप्पल में हामिदपुर से यमुना पुल तक करीब छह किमी पर मिट्टी डालने का कार्य शुरू हो गया है। वर्तमान में इसे आठ किमी तक चौड़ा किया जा रहा है। इसके बाद खेरेश्वरधाम मंदिर के पास कार्य शुरू हो जाएगा।
..........
हामिदपुर की तरफ मिट्टी का कार्य शुरू हो गया है। पैसा मिलते ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
एमएच सिद्दीकी, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, प्रांतीय खंड