मेडिकल में हड़ताल खत्म, काम पर लौटे डॉक्टर
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : एएमयू मेडिकल कॉलेज में चल रही हड़ताल सातवें दिन शाम को टूटी। शनिवार को छह ब
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : एएमयू मेडिकल कॉलेज में चल रही हड़ताल सातवें दिन शाम को टूटी। शनिवार को छह बजे के बाद डॉक्टर काम पर लौटे। डॉक्टर, जिलाधिकारी से भी मिले और अपनी बात रखी। डीएम ने निलंबित छात्र पर रिपोर्ट दर्ज कराने और 12 अन्य पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। डॉक्टरों ने प्रशासन को समय देते हुए गरीब मरीजों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल को वापस ले लिया है।
शनिवार को आरडीए के नेतृत्व में डॉक्टर कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर यशोद से मिलने गए और छात्रों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग रखी। जिलाधिकारी ने एसएसपी राजेश पांडेय को भी बुलवा लिया था। उन्होंने निलंबित छात्र के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही कहा कि हड़ताल के दौरान जिन लोगों की मौत हुई है। उनका जिम्मेदार कौन होगा? उनकी भरपाई कैसे होगी? गरीब मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस लेने को कहा। इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया।
23 अप्रैल की रात को एएमयू छात्रों और मेडिकल के डॉक्टरों के बीच मारपीट हो गई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी थी।
रैन बसेरा में कर रहे इंतजार
रैन बसेरे में इलाज का इंतजार कर रहे रामपुर के 45 वर्षीय हर प्रसाद ने बताया कि उनकी रीढ़ की हड्डी में दिक्कत होने के कारण दोनों हाथ काम नहीं कर रहे हैं। एमआइआर रिपोर्ट नहीं आई है। ऑपरेशन होना है।
फर्रुखाबाद निवासी 60 वर्षीय अल्लाह रखी के कूल्हे की हड्डी टूट गई है। उनके कूल्हे और पैर का ऑपरेशन होना है। दूर घर होने के कारण जाने में दिक्कत है। कासगंज निवासी 50 वर्षीय ठाकुरदार के पेट में सूजन है। खून की जांच की रिपोर्ट नहीं आई है। अल्ट्रासाउंड के लिए 16 मई की तिथि दी गई है।
डॉक्टरों ने लिए फैसले : शनिवार को दोपहर दो बजे आरडीए (रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन) के बैनर तले जनरल बॉडी की मीटिंग हुई। इसमें पूरे प्रकरण में प्रशासन की ओर संज्ञान लेकर कार्रवाई की सराहना की गई। गरीब मरीजों का ध्यान रखते हुए हड़ताल वापस ली गई। प्रशासन से मांग की गई कि डॉक्टरों का एकेडमिक और वित्तीय नुकसान न हो। डॉक्टर पांच मई तक इस बात का इंतजार करेंगे कि यूनिवर्सिटी हेल्थ सर्विस और एमएएस एंबुलेस के संदर्भ में रिपोर्ट पर क्या हो रहा है? जनरल बॉडी की मीटिंग छह मई को रात आठ बजे होगी। इसमें आगे की कार्रवाई के बारे में विचार किया जाएगा। डॉक्टर अपनी मांगें पूरी न होने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकते हैं। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. अहमद अबदुल्लाह, उपाध्यक्ष मोहम्मद शैगन, सचिव डॉ.अम्मार जावेद मौजूद थे।