सपा-बसपा को करें सत्ता से बाहर : राजवर्धन
अलीगढ़ : भाजपा की परिवर्तन यात्रा के अंतिम दिन बुधवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्
अलीगढ़ : भाजपा की परिवर्तन यात्रा के अंतिम दिन बुधवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर सपा व बसपा पर जमकर बरसे। कहा, दोनों दलों ने बहुत दिनों तक सत्ता का सुख भोग लिया, अब इन्हे बेदखल करने का समय आ गया है। दावा किया कि भाजपा ही प्रदेश की तस्वीर बदलेगी।
अतरौली विधानसभा क्षेत्र के गाव काजिमाबाद में आयोजित जनसभा में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हम राजनीति करने नहीं, बल्कि यूपी में परिवर्तन के लिए आए है। हम युद्ध नहीं चाहते, मगर देश में शाति के लिए युद्ध को भी तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ढाई साल से बिना आराम किए देश को बदलने के लिए काम कर रहे है। निर्णय अब आपको करना है कि सत्ता सपा-बसपा के हाथ में रहेगी या खुद के हाथों में रखोगे। केंद्र से भरपूर बिजली मिलने के बाद भी प्रदेश में किसानों को नहीं मिल रही है। नोट बंदी से ईमानदार लोगों को कोई परेशानी नहीं हो रही, काली कमाई करने वाले जरूर परेशान हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि सपा सरकार में राम-कृष्ण की धरती अपराधों से नहा उठी और प्रदेश पीछे होते चला गया। प्रदेश उपाध्यक्ष व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने कहा कि जिस प्रकार से लोकसभा चुनाव में जीत दिलाई, वैसा ही विधानसभा चुनाव में कर दिखाना है। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर है। जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह के नेतृत्व में परिवर्तन यात्रा का बरौली व अतरौली विधानसभा क्षेत्रों में भव्य स्वागत किया गया।