हाथरस से लौटी महिला से लाखों की लूट
अलीगढ़ : हाथरस में अपने मायके से लौट रही महिला को बुधवार देररात बाइक सवार बदमाशों ने जीटी रोड स्थित
अलीगढ़ : हाथरस में अपने मायके से लौट रही महिला को बुधवार देररात बाइक सवार बदमाशों ने जीटी रोड स्थित सिटी हाईस्कूल के निकट लूट लिया। रिक्शा सवार महिला से बदमाश बैग छीनकर भाग निकले। बैग में एक लाख रुपये, जेवर, मोबाइल आदि था।
बन्नादेवी क्षेत्र की प्रतिभा कॉलोनी निवासी सचिन मित्तल का फोटो स्टूडियो है। उनकी पत्नी अंजलि मित्तल हाथरस के मुहल्ला नयागंज में अपने मायके गई थीं। उनके भाई ने किसी काम के लिए एक लाख रुपये दिए, जो बैग में रख लिए। ढाई हजार रुपये बैग में पहले से पड़े थे। बैग में सोने की चेन, पेंडल, मोबाइल आदि भी रखा था। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे गांधीपार्क पर बस से उतरने के बाद वह रिक्शे में प्रतिभा कॉलोनी आ रही थीं। नुमाइश मैदान के निकट सिटी हाईस्कूल से पहले बाइक सवार दो बदमाश महिला का बैग छीनकर भाग निकले। शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। बन्नादेवी भी आ पहुंची। घटना की जानकारी लेने के बाद बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई गई, मगर देररात तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। महिला ने बन्नादेवी थाने में लूट की तहरीर दी।