दिल्ली-हरियाणा की दूरी होगी कम
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अलीगढ़ से दिल्ली सहित हरियाणा की दूरी कम होने वाली है। पलवल- टप्पल, अलीगढ़
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अलीगढ़ से दिल्ली सहित हरियाणा की दूरी कम होने वाली है। पलवल- टप्पल, अलीगढ़ (राजमार्ग संख्या- 22ए) को दो से चार लेन करने की तैयारी है। नौ सौ करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर यहां के उद्योग जगत को भी रफ्तार मिलेगा। निर्यातकों को बाहरी देशों से बायर्स बुलाने में अब मुंह नहीं ताकना पड़ेगा। दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर सीधे चार लेन सड़क होते हुए अलीगढ़ तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा। आधा घंटे में टप्पल और वहां से 45 मिनट में नोएडा पहुंचा जा सकेगा। अभी टप्पल पहुंचने में ही एक घंटा लग जाता है।
प्रस्तावों पर अमल
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनपदवासियों को तोहफा दिया है। पिछले साल 15 दिसंबर को कासिमपुर पावर हाउस परिसर में नई यूनिट का शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री भले ही समयाभाव के कारण घोषणाओं से परहेज किया। पर, धरातल पर काम चल रहा है। इसका सबूत है कि 15 दिसंबर को दिए गए प्रस्तावों पर अमल होना शुरू हो गया है। पलवल-टप्पल, अलीगढ़ मार्ग को दो से चार लेन करने का आदेश भी उसी का हिस्सा है।
बाईपास भी
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीके तिवारी ने बताया कि जट्टारी आबादी क्षेत्र में साढ़े पांच और खैर आबादी क्षेत्र में 10 किलोमीटर का बाईपास बनेगा। इसमें करीब 247 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसके अलावा, बिजली के पोल आदि को शिफ्ट करने में 11 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। वन भूमि पर लगे पेड़ कटान के लिए 30 करोड़ रुपये तो सड़क को चार लेन करने के लिए 610 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
चार बड़े पुल
अधिशासी अभियंता ने बताया कि 67.5 किलोमीटर के इस मार्ग पर चार बड़े पुल बनेंगे। आवश्यकतानुसार छोटे-छोटे भी पुल बनाने की योजना है। इसके अलावा डिवाइडर व अन्य निर्माण भी होंगे।
इनका कहना है
प्रदेश के साथ ही अलीगढ़ जनपद के विकास के लिए सपा सरकार लगातार काम कर रही है। इसी का नतीजा है कि जिले के महत्वपूर्ण मार्ग को फोर लेन करने के साथ ही सांकरा पर पुल का तोहफा मिला है।
-वीरेश यादव, विधायक, अतरौली
यमुना एक्सप्रेस-वे बनने के बाद अलीगढ़ से टप्पल तक का रास्ता बेहतर करने की मांग उठ रही थी। यह सड़क ठीक हो जाने के बाद दिल्ली दूर नहीं रह जाएगी। इससे कम समय में दिल्ली व नोएडा पहुंचा जा सकेगा।
-मनीष बंसल, निर्यातक।
निर्यात के लिहाज से अलीगढ़ महत्वपूर्ण है। ताला और हार्डवेयर कारोबार के साथ ही यहां विश्वविख्यात एएमयू भी है। इस लिहाज से यहां विदेशियों का आना-जाना लगा रहता है। टप्पल मार्ग के फोर लेन होने से काफी लाभ मिलेगा।
-धनजीत वाड्रा, निर्यातक।