स्मार्ट सिटी की रैकिंग में पिछड़ा अलीगढ़, अब तीसरे नंबर पर
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: अलीगढ़ शहर के बाशिंदे किसी भी मामले में कम नहीं। स्मार्ट सिटी के लिए वोटिंग
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: अलीगढ़ शहर के बाशिंदे किसी भी मामले में कम नहीं। स्मार्ट सिटी के लिए वोटिंग में उत्साह दिखाकर उसे दूसरे पायदान पर पहुंचाया, मगर अब झांसी ने दो दिनों में बंपर वोटिंग कर दूसरे पायदान पर कब्जा कर लिया है। शहरवासियों के पास अब अलीगढ़ को पुन: दूसरे पायदान पर या टॉप पर ले जाने के लिए 30 नवंबर तक का समय बचा है।
स्मार्ट सिटी की दौड़ में बने रहने के लिए अलीगढ़ शहर ने काफी उत्साह दिखाया। तेज वोटिंग से अलीगढ़ ने पहले सहारनपुर को पछाड़कर तीसरे स्थान कब्जा किया। उसके बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया। मगर चौथे स्थान पर चल रहे झांसी ने तेजी से वापसी की और अलीगढ़ को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। ताजा रैकिंग में इलाहाबाद अभी भी टॉप पर चल रहा है। शुक्रवार रात नौ बजे तक इलाहाबाद में कुल 125198, झांसी में 96552, अलीगढ़ में 94872, सहारनपुर में 82663, कानपुर में 33468, आगरा में 11846 व गाजियाबाद में 10213 वोट हो चुके हैं। रैकिंग में सुधार के लिए नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को खूब भागदौड़ कर लोगों को वोटिंग के लिए प्रेरित किया। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पहले 25 तक वोटिंग होनी थी, अचानक तिथि 30 तक बढ़ने के कारण दो दिन में वोटिंग की रफ्तार थोड़ी थम गई। अलीगढ़ को पुन: दूसरे पायदान या टॉप पर पहुंचाने के लिए अभी हमारे पास तीन दिन और हैं।