शहर को स्मार्ट बनाने के लिए बंपर वोटिंग
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: स्मार्ट सिटी की वोटिंग के लिए अंतिम दिन शहरवासियों ने गजब का उत्साह दिखाया।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: स्मार्ट सिटी की वोटिंग के लिए अंतिम दिन शहरवासियों ने गजब का उत्साह दिखाया। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए बंपर वोटिंग हुई। नगर निगम की मेहनत सफल हुई और अलीगढ़ की झोली वोटों से भर गई। 24 घंटे में 22 हजार से अधिक लोगों ने वोटिंग की। 76000 से अधिक वोट पाकर अलीगढ़ दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
'वोटिंग फॉर स्मार्ट सिटी' के लिए अलीगढ़ शहर को टॉप पोजीशन पर लाने के लिए नगर निगम दिन-रात लगा हुआ है। मंगलवार रात तक जहां वोटिंग का आंकड़ा 54 हजार तक पहुंचा, वहीं अंतिम दिन इसमें 22 हजार से अधिक का इजाफा हुआ।
जलकल विभाग की कवायद
शहर के विभिन्न स्थानों पर नगर निगम (जलकल विभाग) ने अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए वोटिंग कैंपों का आयोजन किया। नगला मसानी द्वारिका मंदिर, खैर रोड बस स्टैंड व सासनीगेट आवास विकास कॉलोनी में लोगों ने वोटिंग की। अलीगढ़ के अचल सरोवर के पक्ष में उसे और अधिक विकसित करने के लिए वोट व सुझाव दिये। इसके अलावा विभिन्न स्थानों से आने वाले लोगों ने भी कैंप में वोटिंग के लिए उत्साह दिखाया। सभी वर्ग, छोटे व बड़ों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर वेबसाइट पर वोट अपलोड करवाये।
कैंप में सहयोग करने वालों में भास्कर मणि पांडेय, एनके कनौजिया (अवर अभियंता) रवेंद्र कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर), टिंकू राजपूत, परवेज व देश दीपक आदि मौजूद रहे।
फोटो- बचपन प्ले स्कूल में कार्यक्रम
सासनी गेट स्थित बचपन प्ले स्कूल में वोटिंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिए देशभर के 100 शहरों का चयन हुआ है। पहले चरण में 20 शहरों को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। यूपी के 13 शहरों में अलीगढ़ पहले स्थान पर है। जिन शहरों में अधिक वोटिंग व नागरिकों के अधिक सुझाव होंगे, उन शहरों को पहले चयनित किया जाए। निदेशक राहुल वर्मा ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग वोटिंग करें और शहर को स्मार्ट सिटी की रेस में आगे लाएं।
फोटो- महिलाओं ने दिखाया उत्साह
अलीगढ़ : वोटिंग व सुझाव के लिए युद्धस्तर पर चल रहे अभियान के तहत नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने शहर के मेजबान होटल में महिलाओं को वोटिंग व सुझाव देने के लिए जागरूक किया। सिन्हा ने बताया कि 350 महिलाओं ने वोट व सुझाव देकर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए कदम बढ़ाया।
नगर निगम के जलकल संस्थान में सुबह से ही अवर अभियंता एनके कनौजिया, स्टोर कीपर देशदीपक के नेतृत्व में जलकल संस्थान और सासनीगेट पंपिंग स्टेशन पर वोटिंग व सुझाव के लिये कैंप लगाया गया।