शिक्षिका से छेड़छाड़ पर हंगामा
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मथुरा रोड पर कॉलेज के बाहर शिक्षिका से छेड़छाड़ पर हंगामा हो गया। भीड़ ने मनच
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मथुरा रोड पर कॉलेज के बाहर शिक्षिका से छेड़छाड़ पर हंगामा हो गया। भीड़ ने मनचले को दबोच कर जमकर पीटा। बाद में माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया।
इगलास क्षेत्र की यह शिक्षिका शुक्रवार को दोपहर में कॉलेज के बाहर वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी वहां पहुंचे बाइक सवार दो युवक उस पर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर मनचले बाइक से उतर आए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। शिक्षिका के शोर मचाने पर राहगीर जमा हो गए। भीड़ जुटती देख आरोपी भागने लगे। एक दबोच लिया गया। पिटाई कर उसके कपड़े फाड़ दिए। बाद में शिक्षिका से माफी मंगवाने के बाद आरोपी को छोड़ दिया गया।
महिला से दुष्कर्म की कोशिश
गांधीपार्क इलाके की एक महिला ने पड़ोसी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। शुक्रवार को पुलिस दफ्तर पहुंची महिला ने बताया कि उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है। 27 मई की रात वो घर में अकेली थी। पड़ोसी युवक फावड़ा लेने के बहाने आया और बातों में लगा लिया। गर्मी ज्यादा होने की बात कहकर कोल्ड ड्रिंक मंगाई। महिला ने बताया कि वो गिलास लेने रसोई में गई, तभी उसने कोल्डड्रिंक की बोतल में कुछ मिला दिया। कोल्डड्रिंक पीने के बाद नशा छाने लगा। आरोपी ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। कमरे में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की। अर्द्धबेहोशी की हालत में वह चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग आ पहुंचे। आरोपी उसे धक्का देकर दीवार फांदकर भाग निकला। अगले दिन शिकायत करने थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। महिला की शिकायत पर थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।