Move to Jagran APP

जलाभिषेक से सरोवर को तारने का संकल्प

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : शहरवासियों का भागीरथी अभियान अचल सरोवर को खोई हुई विरासत देने के लिए पूरी

By Edited By: Published: Sun, 26 Apr 2015 01:45 AM (IST)Updated: Sun, 26 Apr 2015 01:45 AM (IST)
जलाभिषेक से सरोवर को तारने का संकल्प

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : शहरवासियों का भागीरथी अभियान अचल सरोवर को खोई हुई विरासत देने के लिए पूरी तरह से संकल्पित हो गया है। अभियान में प्रतिदिन जुड़ने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को रामघाट से मंगाए गए 10 केन गंगाजल से लोगों ने सरोवर में जलाभिषेक किया। एक साथ सरोवर में जलाभिषेक का ऐसा दृश्य बना जिसे देख लोग गदगद हो उठे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री संजीव बालियान ने भी सैकड़ों लोगों के साथ जलाभिषेक किया।

loksabha election banner

दैनिक जागरण के 'अचल सरोवर, अटल धरोहर' अभियान में शनिवार को श्री गंगा सेवा समिति की ओर से हवन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। अचल गुमटी स्थित शिवमंदिर पर हवन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आचार्य ब्रजेश शास्त्री, पंडित आदित्य नारायण अवस्थी, गौरव शास्त्री व सहयोगियों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन कराया। इस बाद गोष्ठी आयोजित की गई। वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि अचल सरोवर का जल लोग घरों में पूजन के लिए ले जाते थे, मगर आज इसमें नालों का जल है। उन्होंने गंगा सप्तमी पर सभी को संकल्प दिलाया कि अब सरोवर को स्वच्छ व रमणीय करके ही अभियान खत्म करेंगे। समिति के कोषाध्यक्ष सेवाराम शर्मा ने कहा कि सरोवर के प्रति जैसा लोगों में उत्साह जगा है यदि ऐसा ही सभी में जाग जाए तो गंगा मइया भी निर्मल हो जाएंगी। किरन कुमार झा ने कहा कि समिति सरोवर की स्वच्छता के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। हवन के बाद श्री गंगा सेवा समित और अखिल भारतीय ब्राह्माण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित विनोद गौतम की तरफ से प्रसाद बंटवाया गया। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष यतिन दीक्षित, ब्रज प्रांत के पुष्पेंद्र जादौन, महानगर अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि वे सरोवर की स्वच्छता के लिए पूरे शहर में जागरूकता अभियान चलाएंगे। यज्ञ में ईषा शर्मा, राजाराम मित्र, त्रिभुवन प्रकाश शर्मा, मंजू गौतम, कृष्णा गुप्ता, संदीप कुमार, राजकुमार चौहान, कमल राजपूत आदि मौजूद थे।

घर-घर पहुंची गंगा

अचल सरोवर में गंगा अभिषेक करने के बाद सरोवर के आसपास रहने वालों के यहां गंगाजल पहुंचाया गया। क्षेत्रीय पार्षद ओपी गोयल ने रिक्शे पर जल को रखवाकर उसे सभी के घर तक पहुंचे। गंगाजल की खबर लगते ही लोगों की लाइन लग गई। ओपी गोयल ने सभी को संकल्प दिलाया कि आसपास के रहने वालों की सफाई की जिम्मेदारी सबसे अधिक है

रात दस बजे पहुंचा गंगाजल

अचल सरोवर को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों में जबर्दस्त उत्साह है। वह पूरी शिद्दत से इस अभियान में जुटे हुए हैं। समाजसेवी सुनील कुमार गुप्ता शुक्रवार रात 10 बजे अचल सरोवर पर गंगाजल लेकर पहुंचे, जिसे सुबह सरोवर में प्रवाहित किया गया।

हर-हर गंगे, जय-जय गंगे

जलाभिषेक कार्यक्रम में गुमटी के ब्रिज पर सैकड़ों की संख्या में लोग खड़े हो गए। सभी अपने-अपने पात्रों में गंगाजल लिए हुए थे। मंत्रोच्चार के साथ एक कतार में गंगाजल की धार निकली तो ऐसा लगा कि मानों गंगा मइया स्वयं अवतरित हो गई हों। जलाभिषेक करने वालों की इतनी लंबी श्रंखला बनी कि पूरा ब्रिज भर गया। इसी के साथ 'हर-हर गंगे, जय-जय गंगे' के उद्घोष से सारा वातावरण गूंज उठा।

नगर निगम ने भी चलाया अभियान

अचल सरोवर के लिए नगर निगम ने भी अभियान छेड़ दिया है। शनिवार सुबह आठ बजे ही जेसीबी आ गई। सरोवर के बीच से कूड़ा उठाया। वहीं, सुबह अचलताल रोड पर चूने का छिड़काव कराया गया।

अभियान को सराहा

अभियान ने तो पूरे शहर का माहौल ही बदल दिया है। हर कोई सेवाकार्य में जुट रहा है। ऐसे निश्छल भाव से कार्य करते हुए पहली बार देख रहा हूं।

पंडित विनोद गौतम, अखिल भारतीय ब्राह्माण महासभा के उपाध्यक्ष।

यह अनूठी पहल है। यहां तो हर व्यक्ति में सेवाभाव जुड़ा हुआ था। खास बात है कि शहर की विरासत को संवारने में सब लोग शिद्दत से जुटे हुए हैं।

विवेक बंसल, पूर्व एमएलसी।

अब तो प्रतिदिन आंख खुलते ही अचल सरोवर की ओर निकल पड़ते हैं। यहां आकर मन खुश हो जाता है। ऐसा सामूहिक अभियान चलता है, जिसमें नि:स्वार्थ भाव से कार्य करते हैं।

शकुंतला भारती, महापौर।

मेरी तो सुबह की मार्निग वाक आजकल अचल सरोवर पर ही हो रही है। एक साथ सैकड़ों लोगों को काम करते देख काफी अच्छा लगता है। अभियान ने तो कमाल कर दिया है।

चौधरी देवराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष।

गंगा की सफाई में तो हम पहले से जुटे थे, अब सरोवर की सफाई में जुट गए हैं। मुझे लगता है कि यदि सामूहिक रूप से किसी कार्य में लग जाएं तो सफलता निश्चित मिलती है।

ठा. श्यौराज सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री गंगा सेवा समिति।

मैं पहली बार पहुंची, सरोवर का पूरा दृश्य बदला हुआ था। सीढि़यां इतनी साफ थी कि वहां पर कोई भी बैठ सकता था। अभियान ने तो शहर में जागरूकता ला दी है।

रामसखी कठेरिया, पूर्व विधायक।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.