महिला महोत्सव में दूर होंगी समस्याएं : सुमन
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन यादव ने कहा कि महिला आयोग पीड़ित महिलाओं
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन यादव ने कहा कि महिला आयोग पीड़ित महिलाओं के दरवाजे पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। जल्द ही जिला स्तर पर महिला महोत्सव होंगे, इनमें भी महिलाओं की समस्याओं को दूर किया जाएगा।
सुमन यादव सोमवार को अलीगढ़ में थीं। वरुणालय गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत उन्होंने कहा कि आयोग की टीम सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा रही है। सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है, चाहे वह आगरा से लखनऊ तक का एक्सप्रेस-वे हो या लखनऊ समेत चार शहरों में मेट्रो शुरू करने की योजना। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार काम कर रही है। गरीबों को आवास दिलाने के लिए भी संकल्पित है। महिलाओं को इंसाफ मिले, यही महिला आयोग का ध्येय है।
उन्होंने कहा कि आयोग पीड़िताओं के दरवाजे पर पहुंचकर समस्याएं सुन रहा है, बस उन्हें समस्या के बारे सूचना देनी है। आयोग के पास रोजाना 300 शिकायतें आ रही हैं। उनका समाधान भी हो रहा है। प्रदेश में महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं को खारिज करते हुए सुमन ने कहा कि बसपा के कार्यकाल में घटनाएं होती थीं, मगर थाने में उन्हें दर्ज नहीं किया जाता था। अब हर मामले की रिपोर्ट लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं भी अब अधिकारों को लेकर जागरूक हुई हैं। इस मौके पर मनोज चौधरी, नौरीन खां व गिरीश यादव मौजूद थे।