अवैध संबंधों में खून की होली
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जिस वक्त पुलिस होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को माथापच्ची कर रही थी, उस
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जिस वक्त पुलिस होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को माथापच्ची कर रही थी, उसी वक्त फैक्ट्री मालिक ने अपने भाई के सहयोग से प्रेमिका के पति के दोस्त की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पति को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी व उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज घटना क्वार्सी क्षेत्र के ज्वालापुरी में हुई।
क्वार्सी क्षेत्र के रावणटीला में विजय शर्मा की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में ढाई साल से नीतेश शर्मा पुत्र योगेंद्र पाल शर्मा निवासी बूढ़ा नोजलपुर हाल निवासी रावणटीला मजदूरी करता था। नीतेश को शक था कि उसकी पत्नी गीता के फैक्ट्री मालिक विजय से अवैध संबंध हैं। इसी के चलते नीतेश शराब पीकर विजय को फोन पर बुरा-भला कहता था। गीता एक महीने पहले गायब हो गई तो नीतेश और भी आग बबूला हो गया। पत्नी के घर न लौटने से बौखलाया नीतेश कई दिन से विजय को गाली-गलौच कर रहा था। बुधवार रात करीब नौ बजे नीतेश ने फोन पर विजय को फिर गाली -गलौच की और बहाने से ज्वालापुरी स्थित पेट्रोल पंप के पास बुला लिया। विजय अपने भाई ललतेश के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंच गया। वहां नीतेश व विजय के बीच मारपीट और गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर विजय ने नीतेश को चाकू मार दिया। उसी समय नीतेश का दोस्त मनोज (30) उर्फ पप्पू पुत्र जगदीश शर्मा निवासी विकास नगर (गांधी पार्क) वहां पहुंच गया। उसने नीतेश को बचाने की कोशिश की तो विजय ने मनोज पर भी चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल मनोज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। नीतेश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। नीतेश की तहरीर पर विजय व ललतेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विजय व ललतेश को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया।
नुमाइश से खरीदा था चाकू
पुलिस पूछताछ में विजय ने बताया कि नीतेश अक्सर उसे फोन पर गाली-गलौज करता था। किसी दिन वह हमला न कर दे, इसलिए उसने नुमाइश से 150 रुपये में चाकू खरीदा था।