बीवी को मार डाला
अलीगढ़ : कोतवाली क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी में एक व्यक्ति ने मायके में रह रही बीवी को शुक्रवार की रात
अलीगढ़ : कोतवाली क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी में एक व्यक्ति ने मायके में रह रही बीवी को शुक्रवार की रात चाकू गोद कर मार डाला। सुबह बेटी को चारपाई पर मृत देख मां के पैरों तले से जमीन खिसक गई। उसने दामाद के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट लिखाई है।
अनीता (28) पुत्री सूरजपाल निवासी गांव मुगलगढ़ी की शादी आठ वर्ष पूर्व बंटी पुत्र राम प्रकाश निवासी गांव सिसरोई थाना अकराबाद के साथ हुई थी। उनके दो पुत्री व एक पुत्र है। कई साल से पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई तो विवाहिता मायके आ गई। पति के खिलाफ न्यायालय में भरण पोषण का मुकदमा कर दिया। वह मुगलगढ़ी में अपनी विधवा मां के साथ रह रही थी। आरोप है कि शुक्रवार देर शाम उसका पति बंटी अपनी ससुराल आया। सास एवं पत्नी से समझौते की बात करने लगा। सास को लगा कि बेटी का घर बस जाए इसलिए उसने दामाद की आवभगत की। अपने देवर अमर सिंह के मकान में उसे ठहरा दिया। रात में पति से बातचीत के लिए बेटी को भी उसके पास भेज दिया। दोनों में बातचीत चलती रही। रात में ही अनीता को चाकू गोदकर हत्या करने के बाद उसका पति फरार हो गया। जब सुबह अनीता की मां एवं अन्य परिजन घर में पहुंचे तो वह लहूलुहान चारपाई पर पड़ी थी। उसके शरीर पर चाकुओं के कई निशान थे। यह देखकर उसकी मां के पैरों तले से जमीन खिसक गई। चीख पुकार होने लगी। आस-पास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। रिपोर्ट मुन्नी देवी ने अपने दामाद बंटी पुत्र राम प्रकाश के खिलाफ कोतवाली में लिखाई है।