एडी ने संगठनों से पूछा लिपिक की गलती बताओ
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : पशुपालन विभाग के कनिष्ठ सहायक लिपिक के खिलाफ उतरे संगठनों की धार अब कमजोर
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : पशुपालन विभाग के कनिष्ठ सहायक लिपिक के खिलाफ उतरे संगठनों की धार अब कमजोर होती जा रही है। तीन में से एक संगठन ने आंदोलन में उतरने से कदम पीछे खींच लिए हैं। उधर, एडी पशुपालन विभाग ने शेष दोनों संगठनों को पत्र भेजकर कनिष्ठ सहायक के खिलाफ बेबुनियाद तरीके से आरोप लगाने पर नाराजगी जताई है। इस प्रकरण पर साक्ष्य प्रस्तुत किया है।
पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार संघ व पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट संघ व पशु चिकित्सा संघ के पदाधिकारियों ने विभाग के कनिष्ठ सहायक शशि शेखर सिंह के खिलाफ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। इन लोगों का आरोप था कि शशि शेखर सिंह सभी से अभद्र व्यवहार करते हैं। इन पर भ्रष्टाचार आदि के भी आरोप है। 28 जनवरी से इन संगठनों के कर्मचारियों ने धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी थी। हालांकि, अब इनमें से पशु चिकित्सा संघ ने अपने कदम पीछे खींच लिये हैं। वहीं, अपर निदेशक पशुपालन ने शशि शेखर पर लगाए गए आरोपों के साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। उनका कहना कि बिना साक्ष्य के आरोप लगाना गलत है, बिना साक्ष्य के किसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई नहीं की जा सकती है। हालांकि, पशुधन प्रसार अधिकारी संघ व पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट संघ 28 जनवरी से कनिष्ठ सहायक के खिलाफ धरने पर बैठने को अड़ा हुआ है।