कालेज के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : बाइकर्स गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शहर में कहीं गैंगवार न करा दे। पिछले दो महीने में इन गुटों के बीच कई दफा गोलियां चल चुकी हैं। शनिवार को डिग्री कालेज के सामने हुई फायरिंग भी इसी से जोड़कर देखी जा रही है। तीन बाइक पर सवार होकर आया एक गुट वाहन स्टैंड पर खड़े युवक को गोली मारकर भाग निकला। पुलिस के मुताबिक घायल युवक पिछले ही दिनों जानलेवा हमले में नामजद हुआ था। हमला बदला लेने की नीयत से बताया जा रहा है।
मूल रूप से कस्तली पला, जवां का विशाल गोस्वामी उर्फ रॉकी पंडित शक्ति नगर में रहता है। रॉकी के मुताबिक वो एसवी कालेज से बीएससी कर रहा है। शनिवार की दोपहर तीन बजे वो डीएस कालेज के वाहन स्टैंड पर किसी से मिलने आया था। तभी तीन बाइक पर सवार नौ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। रॉकी कुछ समझ पाता, इससे पहले उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उसके कंधे को चीरते हुए निकल गई। सरेराह फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। राहगीर, छात्र-छात्राएं छिपने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देकर बाइकर्स भाग निकले। सूचना पर गांधीपार्क पुलिस पहुंच गई। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि घायल रॉकी ने दो युवकों को पहचान लिया है। रॉकी जानलेवा हमले में नामजद है। प्रतिभा कालोनी में रहने वाले लवली सिंह उर्फ आर्यन ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।