Move to Jagran APP

धर्मातरण को उकसाने पर हंगामा

By Edited By: Published: Sat, 20 Sep 2014 01:18 AM (IST)Updated: Sat, 20 Sep 2014 01:18 AM (IST)
धर्मातरण को उकसाने पर हंगामा

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : 'लव जिहाद' को लेकर तीन दिन पूर्व हुआ बवाल ठंडा ही पड़ा था कि शुक्रवार को शहर के ही महेश्वर ग‌र्ल्स इंटर कॉलेज में एक बुर्कानशीं के घुस आने से नया बखेड़ा खड़ा हो गया। आरोप है कि महिला कॉलेज के अंदर छात्राओं को मुस्लिम बनने के लिए बरगला रही थी। गुरुवार को भी उसे पकड़ा गया था। तब, फटकार लगाकर भगा दिया गया। दूसरे दिन फिर कॉलेज आई तो प्रिंसिपल ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस, कॉलेज स्टॉफ व आरोपी महिला के सामने छात्राओं ने बताया कि उन्हें मुस्लिम बनने को कहा जा रहा था। प्रिंसिपल ने तहरीर में यही आरोप लगाए। पुलिस ने शांतिभंग का मुकदमा दर्ज किया है। महिला को सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट से जमानत भी मिल गई।

loksabha election banner

घटनाक्रम की शुरुआत गुरुवार से हुई। बुर्का पहने एक महिला मदारगेट स्थित महेश्वर ग‌र्ल्स इंटर कॉलेज में आई। गेटकीपर ने उसे अभिभावक मानते हुए अंदर आ जाने दिया। कैंपस में दाखिल होते ही महिला ने छात्राओं को मुस्लिम होने के फायदे गिनाने शुरू कर दिए। अन्य धर्मो की बुराइयों को इंगित किया। तभी, राउंड पर आईं प्रिंसिपल ऊषा गौड़ की नजर पड़ी। छात्राओं से बात पता लगते ही प्रिंसिपल ने बाहर निकल जाने को कहा। उसी दौरान पीरियड चेंज हुआ तो प्रिंसिपल अपने दफ्तर में चली गईं। इस बीच, महिला कक्षा नौ-सी में घुस गई और छात्राओं को धर्मातरण के लिए उकसाने लगी। स्टाफ ने उसे बाहर निकाला। स्टाफ से बात प्रिंसिपल को मालूम हुई तो शुक्रवार सुबह सभी को आगाह कर दिया गया।

शुक्रवार सुबह नौ बजे बुर्का पहने महिला फिर आ पहुंची। अंदर आते ही स्टॉफ ने उसे घेर लिया और प्रिंसिपल के दफ्तर ले आए। इस बीच, पुलिस बुला ली गई। इंस्पेक्टर कोतवाली हैदर रजा जैदी ने प्रिंसिपल व अन्य स्टॉफ के सामने पूछताछ की। महिला अपना नाम शबनम बशीर बता रही है। उसने कहा कि वह उर्दू पढ़ाने की अनुमति मांगने आई थी। छात्राओं ने सबके आगे महिला पर धर्मातरण के लिए उकसाने की पोल खोली तो वह चुप हो गई। शबनम शहर के मोहल्ला सराय रतनलाल में रहती है। बताते हैं कि वह मदरसा भी चलाती है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। प्रिंसिपल ने तहरीर में छात्राओं को बरगलाकर धर्मातरण की कोशिश करने का महिला पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला शांति भंग का दर्ज करके सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. मयंक कुमार राय की कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस आरोपी महिला की मनोदशा ठीक नहीं होने की बात कह रही है।

भाजयुमो का हंगामा

धर्मातरण के लिए उकसाने की सूचना पर भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष मनोज शर्मा समेत कई कार्यकर्ता पहुंच गए और शबनम पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मनोज शर्मा ने कहा कि नाबालिग छात्राओं को बरगलाने की साजिशन कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे किसी धर्म का विरोध नहीं करते, लेकिन नाबालिग छात्राओं को यूं बरगलाना कानूनन गलत है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.