आरएएफ रोड पर वृद्ध को गोली मारी
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लगता है कि हमलावरों के लिए क्वार्सी क्षेत्र पूरी तरह महफूज हो गया है। तीन मिनट के अंदर गोली चलने की दूसरी घटना हुई तो पुलिस भी पसीना छोड़ने लगी। आरएएफ रोड पर रविवार रात वृद्ध को गोली मार दी गई। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे सीओ ने घटना के बारे में जानकारी ली। सीओ ने घटना के पीछे रंजिश माना।
मूलरूप से सिकंदराराऊ (हाथरस) के गांव बसई में रहने वाले दाताराम कई महीने से यहां पंच विहार कॉलोनी में रहते हैं। 60 वर्षीय दाताराम रविवार की रात करीब दस बजे अपने कमरे से रामघाट रोड पर आ रहे थे। आरएएफ रोड पर बाइक सवारों ने दाताराम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। दो गोलियां लगने से वह वहीं गिर गए। यह खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर क्वार्सी थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल दाताराम को लाकर वरुण ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे सीओ सुरेश चंद्र रावत ने भी घटना के बारे में जानकारी ली। सीओ के अनुसार, जांच में प्रथमदृष्टया दुश्मनी का मामला प्रकाश में आ रहा है। मगर पीड़ित की तरफ से तहरीर आने के बाद ही दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गोलियां चलने पर सवाल उठने लगा है कि क्या वाकई क्वार्सी क्षेत्र के लोगों के लिए सुरक्षित नहीं है।