महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : सारसौल क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तीन जून की रात हुई घटना में पीड़िता ने सारसौल चौकी पर शिकायत भी की थी, मगर सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट लिखी और अब तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बन्नादेवी क्षेत्र के सारसौल में एक महिला बच्चों के साथ रहती है। तीन जून की रात करीब दस बजे वह सारसौल स्थित होटल से खाना लेने निकली थी। रास्ते में उसे टेंपो लेकर सारसौल का ही अरविंद कुमार अपने दोस्त रवि व भोला के साथ मिल गया। उसने महिला को होटल तक छोड़ने की बात कहकर टेंपो में बिठा लिया।
महिला का आरोप है कि टेंपो में अरविंद व उसके दोस्तों ने गुमराह कर उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के साथ वह अचेत हो गई तो अरविंद व उसके साथियों ने रसूलपुर के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बकौल महिला, चार जून की तड़के उसे होश आया तो उसने खुद को वहीं जंगल में पाया। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी सारसौल चौकी पर पुलिस को दी, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अरविंद, रवि व भोला निवासी सारसौल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बन्नादेवी प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने बताया कि घटना उनके कार्यभार ग्रहण करने से पहले की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने डॉक्टरी मुआयना कराने के बाद महिला के कोर्ट में बयान भी करा दिए हैं।