भागवत कथा में है असीम शक्ति
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : सुरेंद्र नगर स्थित दनादन बगीची में शनिवार को भागवत कथा में शुकदेव महाराज का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास विनोद कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रभु की कथा में असीमित शक्ति है। इसे सुनने वाले का कोई अहित नहीं कर सकता है।
कथा व्यास ने कहा कि माता पार्वती को भगवान शंकर अमरनाथ में कथा सुना रहे थे। माता पार्वती को नींद आ गई। कथा का पुण्य शुक पक्षी को मिल गया। शुक पक्षी पार्वती की आवाज में हुंकार लगाता रहा। शंकर जी त्रिशूल लेकर पक्षी की ओर दौड़े तो वह पक्षी महर्षि व्यास की पत्नी के गर्भ में प्रवेश कर गया। भगवान शिव के भय से 12 साल तक बाहर नहीं आया। फिर भगवान शिव को बताया गया कि यह शुकदेव जी हैं, यदि इनका प्राकट्य नहीं हुआ तो भागवत धर्म का प्रचार कौन करेगा। कथा व्यास ने कहा कि सच्चे मन से कथा सुनने वाले को तो भगवान भी नहीं मार सकते हैं।