जनता को झगड़ा नहीं, विकास चाहिए
कार्यालय संवाददाता, अलीगढ़ : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से कौन प्रत्याशी होगा? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन पूर्व सांसद चौ. विजेंद्र सिंह ने अभी से खुद को चुनावी रणभूमि में झोंक दिया है। रविवार को खैर ब्लॉक के गांव बुझाना में हुई सभा में उन्होंने सपा-भाजपा पर हमला कर लोगों को यह भरोसा देने की कोशिश की कि हल्ला किसी का भी हो, जीत कांग्रेस की ही होगी। जाति-धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सांसद ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई व सभी जातियों की एकता ही इस देश की ताकत है। देश को आजाद कराने वाले वीरों ने कभी जाति-धर्म की बात नहीं की थी। भारत दुनिया के सेक्युलर देशों में से एक है। यहां धर्म के नाम पर भाजपा सत्ता हासिल नहीं कर सकती। सब जानते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के विचारों से प्रदेश का जो हाल हुआ, वही हाल मोदी के विचारों से गुजरात का हुआ। ऐसा व्यक्तित्व देश को कभी दिशा नहीं दे सकता। देश की जनता अमन व विकास में विश्वास करती है। लोगों को रोजगार चाहिए, झगड़ा-फसाद नहीं। पूर्व सांसद ने मुजफ्फरनगर दंगे को भाजपा की सोची समझी साजिश और यूपी सरकर की शिथिलता का परिणाम बताया।
जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि जिले में कांग्रेस व चौ. विजेंद्र सिंह का ग्राफ बढ़ा है। बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह हमारे साथ हैं। संचालन पवन चौधरी ने व अध्यक्षता भगवान सिंह ने की। सभा में पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा, नदीम गफूर, श्याम दिवाकर, राजवीर प्रजापति, पीतंबर, धारा सिंह, जगदीश ,रनवीर सिंह, छत्रपाल सिंह, तुलाराम, चंद्रपाल फौजी भी मौजूद रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर