सप्तपदी के सात वचन हुए अब 12, जानिये क्या हुआ ऐसा कि बदला रिवाज
गूंजेगा हम दो हमारे दो का नारा, पौधों की सुरक्षा की शपथ भी लेंगे। बैंदी में 19 नवंबर को सामूहिक विवाह में निभाई जाएगी अनूठी रस्म।
आगरा [राजीव शर्मा]: देवोत्थान एकादशी के दिन होने वाला सामूहिक विवाह समारोह इस बार कई मायनों में अनूठा होगा। इसमें यहां सात फेरों के साथ सात नहीं, दंपति 12 वचन लेंगे। वहीं मौके पर पर्यावरण और बेटी बचाने का संदेश भी दिया जाएगा।
19 नवंबर को देवोत्थान के दिन सदर ब्लॉक की बैंदी ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम होगा। यहां से देश और प्रदेश में बड़ा संदेश जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने सभी ब्लॉकों एवं नगर पालिकाओं को गरीब लड़कियों की शादी कराने का लक्ष्य दिया था। बीडीओ प्रभात मिश्र और प्रधान पवन शर्मा की पहल पर यहां शादी में शामिल होने वाले सभी 15 जोड़ों से तय कर लिया है कि वे विवाह के दौरान सात वचनों में बंधने के साथ ही पांच अन्य वचन भी लेंगे। सभी जोड़े इस दौरान एक-एक पौधा भी लगाएंगे। समारोह में दो मुस्लिम जोड़े भी शामिल हैं।
ये हैं नए पांच वचन:
1 - मतदाता बनेंगे और मतदान अवश्य करेंगे।
2 - पेड़-पौधे बचाएंगे।
3 - बेटा-बेटी में फर्क नहीं करेंगे और बेटियों को बचाएंगे।
4 - जनसंख्या नियंत्रण के लिए फैमली प्लाङ्क्षनग अपनाएंगे।
5 - आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करेंगे।
साक्षी बनेंगे अधिकारी, ग्रामीण
सभी जोड़े 12 वचन यूं तो अग्नि को साक्षी मानकर लेंगे, लेकिन इस अनूठी रस्म के प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण भी गवाह बनेंगे। ग्रामीणों में भी इस आयोजन को लेकर उत्सुकता है।
घराती, बराती बन सकेंगे मतदाता
बीडीओ प्रभात मिश्र ने बताया कि 19 नवंबर को शादी समारोह के दौरान लड़का और लड़की पक्ष के ऐसे लोगों को मतदाता बनने का मौका दिया जाएगा, जो अब तक किसी कारणवश मतदाता नहीं बन सके हैं। इसके लिए आयोजन स्थल पर बीएलओ फॉर्म संख्या छह लेकर मौजूद रहेंगे।