तेज हुआ चैंबर का चुनावी शोर
जागरण संवाददाता, आगरा: शहर की सबसे बड़ी औद्योगिक संस्था नेशनल चैंबर का चुनावी शोर नामांकन प्रक्रिया स
जागरण संवाददाता, आगरा: शहर की सबसे बड़ी औद्योगिक संस्था नेशनल चैंबर का चुनावी शोर नामांकन प्रक्रिया से और तेज हो गया है। बुधवार को चैंबर कार्यालय में फॉर्म लेने वालों की चहल-पहल रही। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्यों के लिए कुल 30 फॉर्म लिए गए।
चैंबर में चुनाव को रोजाना कोई न कोई दावेदार खड़ा हो रहा है। इधर नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। यह एक मार्च शाम चार बजे तक चलेगी। पहले ही दिन चैंबर कार्यालय में सदस्य फॉर्म लेने आते रहे। अब एक मार्च तक इन्हें जमा करने की मियाद है। अध्यक्ष पद के लिए श्रीकिशन गोयल व राजेश गोयल ने फॉर्म खरीद लिया। अध्यक्ष पद के दूसरे दावेदार नरेंद्र सिंह ने अभी यह नहीं लिया है।
वहीं उपाध्यक्ष के लिए मुकेश अग्रवाल, अनूप गोयल व राजीव अग्रवाल (वर्तमान में कोषाध्यक्ष), कोषाध्यक्ष के लिए मुरारीलाल गोयल ने फॉर्म लिए।
------
कार्यकारिणी सदस्यों को इन्होंने लिए फॉर्म
ग्रुप एक में एमजी अग्रवाल, राजेश सिंघल व राजेंद्र कुमार गुप्ता, ग्रुप दो में आशीष गोयल, ग्रुप तीन में चंद्र मोहन खंडेलवाल, ग्रुप चार में दीपक मनचंदा व दिनेश कुमार जैन, ग्रुप पांच में विजय गुप्ता, ग्रुप सात में संदीप गुप्ता व अभिषेक अग्रवाल, ग्रुप नौ में मुरारीलाल गोयल, ग्रुप 11 में अनिल कुमार अग्रवाल रहे।
----
कुल 12 हैं गु्रप
चैंबर में कुल 12 ग्रुप हैं। यह अलग-अलग उद्योग और व्यापार से ताल्लुक रखते हैं। चैंबर की कार्यकारिणी के लिए इनमें से 24 सदस्य चुने जाते हैं। प्रत्येक ग्रुप में सदस्यों की संख्या भिन्न है। ग्रुप की संख्या बल के आधार पर किसी में एक, तो किसी में चार सदस्य बनाने का प्रावधान है।
------
राजेश ने क्यों खरीदा पर्चा?
चैंबर चुनाव में अचानक राजेश गोयल के पर्चा खरीदने से सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि इसके पीछे एक गुट की चुनावी रणनीति हो सकती है। यदि आम सहमति की बात होती है तो दूसरे दावेदारों के साथ उनका नाम वापस कराया जा सकता है।
पंचायत से पीछे हटे चैंबर के पूर्व अध्यक्ष
आगरा: चुनाव से पहले पंचायत के लिए जुटे नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष पीछे हट गए। वह जब मिले तो इस मामले का जिक्र तक नहीं किया गया। बुधवार को आगरा क्लब में हुई बैठक अन्य मुददों तक ही सिमटकर रह गई। पूर्व अध्यक्षों का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अब इस पर चर्चा की जाएगी।