शिव की बरात में आकर्षण का केंद्र बनेंगे भूत-प्रेत
जागरण संवाददाता, आगरा: महाशिवरात्रि पर भूत-प्रेत सड़कों पर होंगे। शिव बरात में भगवान भोले नाथ के यह ख
जागरण संवाददाता, आगरा: महाशिवरात्रि पर भूत-प्रेत सड़कों पर होंगे। शिव बरात में भगवान भोले नाथ के यह खास चेले झाकियों के साथ श्रद्धालुओं को रिझाते हुए दिखेंगे, तो त्रिकालदर्शी भी भक्तों को आशीर्वाद देते निकलेंगे। बाबा बल्केश्वर नाथ महादेव मंदिर में बरात का ठंडाई से स्वागत किया जाएगा। तीन दिनी कार्यक्रम को लेकर महादेव भक्त मंडल तैयारियों में जुट गया है।
गुरुवार से बल्केश्वर नाथ महादेव मंदिर में होने वाले तीन दिनी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बुधवार को महंत सुनीलकांत नागर ने पत्रकारों को बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे से मंदिर प्रांगण में महिलाओं के मेहंदी लगाने का कार्यक्रम होगा। शुक्रवार, महाशिवरात्रि पर भोर में बाबा का महाभिषेक, पूजा-अर्चना होगी। दोपहर चार बजे से कमला नगर के बी ब्लॉक स्थित होटल पार्क लैण्ड के समीप से भगवान शिव की बरात निकलेगी। इसमें झाकियों के अलावा आकर्षक डोला, ऊंट-घोड़े और बग्गियां भी होंगी। कई राहों से गुजरकर बिल्वकेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां बरातियों पर फूलों की बारिश होगी। मंदिर में छप्पन भोग, फूल बंगला सजेगा। रात में चार पहर की आरती और महाभिषेक होगा। इस दौरान मंदिर को बिजली की मन लुभाने वाली रोशनी से सजाया जाएगा।
महंत कपिल नागर ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे भोले बाबा का खप्पर पूजन होगा और उसे कढ़ी-चावल से भरा जाएगा। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। दोपहर दो बजे से मंदिर प्रागंण में महिला संगीत का कार्यक्रम होगा। वार्ता के दौरान अर्चित पंडया, अनुभव पंडया, भोलानाथ अग्रवाल, पदमचंद मंगल, प्रमोद अग्रवाल, मनीष बंसल, मोहन सैनी, बृजमोहन अग्रवाल, अजय गुप्ता, विनय बंसल, उमेश बंसल आदि मौजूद थे।