आगरा से मिशन उत्तर प्रदेश का आगाज करेंगे पीएम मोदी
प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी आगरा में गरीब आवास योजना का शुभारंभ करने आ रहे हैं, मगर निशाने पर उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाला विधानसभा चुनाव भी रहेगा।
आगरा (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन 2017 के लिए उत्तर प्रदेश में भाजपा का आगाज आगरा शहर से करेंगे। प्रधानमंत्री 25 या 26 अक्टूबर को आगरा आएंगे। वैसे तो पीएम आगरा में गरीब आवास योजना का शुभारंभ करने आ रहे हैं, मगर निशाने पर उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाला विधानसभा चुनाव भी रहेगा।
आगरा के सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली से पहले गरीब आवास योजना की शुरुआत आगरा में करेंगे।
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी इस बार दशहरे पर लखनऊ में करेंगे रावण दहन
योजना के तहत बेघर लोगों को मकान व कच्चे मकानों में रहने वाले गरीबों को पक्के मकान दिए जाने हैं। प्रधानमंत्री का 25 या 26 अक्टूबर को यहां आगमन प्रस्तावित है। आधिकारिक कार्यक्रम मिलते ही सभी को सही तिथि की जानकारी दी जाएगी। प्रधानंमत्री मोदी दशहरा पर लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद ही उनका ताजनगरी आगरा जाने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम कोठी मीना बाजार मैदान में होगा। शहर में एकमात्र यही मैदान है, जहां बड़ी सभा आसानी से हो सकती है।
यह भी पढ़ें- पांडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ लगाई गई प्रधानमंत्री मोदी की मूर्ति
प्रधानमंत्री ने कुछ माह पहले उज्ज्वला योजना की शुरुआत भी उत्तर प्रदेश के बलिया में की थी, लेकिन तब चुनावी सरगर्मी नहीं थीं। अब पार्टी सूत्र आगरा के कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के मिशन उप्र की शुरुआत बता रहे हैं। वैसे भी 2017 के विधानसभा चुनाव में अधिक समय नहीं बचा है। भाजपा ने 265 प्लस सीटों का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में तय किया है। इसमें वह कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती है।
उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा जहां कई सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी हैं, वहीं भाजपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री की रैली के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा के आला नेताओं के दौरे और सभाओं की शुरुआत हो जाएगी।
विजय शंखनाद रैली
2014 में हुए लोकसभा चुनाव से पूर्व नवंबर 2013 में नरेंद्र मोदी ने आगरा में विजय शंखनाद रैली की थी। कोठी मीना बाजार मैदान में हुई उनकी रैली में रिकॉर्ड भीड़ जुटी थी। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले उनकी रैलियों में आगरा में ही सर्वाधिक भीड़ उमड़ी थी।