बोले सुनील बंसल, एक घंटे में हर कार्यकर्ता के पास होगा भाजपा नेतृत्व का संदेश
संसदीय चुनाव में फतह हासिल करने के लिए तैयार की व्यूह रचना सोशल मीडिया पर छाएगी पार्टी, हर कार्यकर्ता जुड़ेगा
आगरा [जागरण संवाददाता]: संसदीय चुनाव में फतह हासिल करने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। हर घर पर दस्तक देने के साथ ही पार्टी नेतृत्व ने सोशल मीडिया पर भी छाने की रणनीति तैयार की है। नेतृत्व ने जो व्यूह रचना तैयार की है, उसके मुताबिक लखनऊ या दिल्ली से चलने वाला संदेश एक घंटे में हर कार्यकर्ता के पास होगा। मंगलवार को शहर में पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने आइटी विभाग के कार्यकर्ताओं को भावी रणनीति के बारे में जानकारी दी।
श्री बंसल ने कहा कि अधिकांश लोगों के पास स्मार्ट फोन हैं, उनमें हर कोई व्हाटसएप व फेसबुक का यूजर है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाया जा सकता है। बकौल सुनील बंसल पार्टी लोकसभा चुनाव तक विभिन्न कार्यक्रम करने जा रही है, इनका सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने बताया कि बीजेपी यूपी का फेसबुक पेज है, फिलहाल इससे 25 लाख यूजर जुड़े हैं। इनकी संख्या 60 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। आइटी विभाग इसके लिए जुटे। नमो एप से लोगों को जोडऩे के लिए भी अभियान के रूप में काम करना होगा। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर बैठकें की जाएंगी। पार्टी के सेक्टर स्तर का अलग व्हाटसएप ग्रुप बनाया जाए, वहां विधानसभा स्तर के माध्यम से जिला स्तर के ग्रुप और जिले का ग्रुप प्रदेश के ग्रुप से जुड़ेगा। पार्टी अध्यक्ष यदि कोई संदेश देते हैं तो वह एक घंटे में सबसे निचले स्तर के कार्यकर्ता के पास पहुंच जाएगा।