बारिश और रिमझिम से मौसम सुहाना
जागरण संवाददाता, आगरा: शुक्रवार को बारिश और रिमझिम से दिन भर मौसम सुहाना बना रहा। सुबह फतेहाबाद रोड
जागरण संवाददाता, आगरा: शुक्रवार को बारिश और रिमझिम से दिन भर मौसम सुहाना बना रहा। सुबह फतेहाबाद रोड पर जहां बारिश हुई तो वहीं, शाम को फुहारें पड़ीं। इससे तापमान में गिरावट आने से शहरवासियों को उमस से राहत मिली। ताजनगरी में गुरुवार रात फुहारें पड़ी। शुक्रवार सुबह से ही ठंडी हवा चल रही थी और बादल छाए थे। सुबह 10:30 बजे के करीब फतेहाबाद रोड, माल रोड की तरफ बारिश हुई। करीब पांच से सात मिनट तक झमाझम पानी पड़ा। इसके बाद बारिश थम गई। फतेहाबाद रोड पर जहां पानी पड़ रहा था, वहीं शहर के अन्य हिस्सों में एक बूंद पानी नहीं पड़ी। सुबह 11:30 बजे, 1:30 बजे के करीब फिर फुहार पड़ीं। दिन भर बादल छाए रहे और हवा चलती रही। शाम को चार और पांच बजे के करीब एक बार फिर फुहार पड़ीं। शुक्रवार को दिन भर में 2.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री से. दर्ज किया गया जो कि गुरुवार के 37 डिग्री से. से 2.7 डिग्री से. कम था। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री से. दर्ज किया गया जो कि गुरुवार के 26.9 डिग्री से. से थोड़ा ही अधिक था। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी हो सकती है।