हमलावरों को जेल, पिस्टल और गाड़ी की जांच जारी
जागरण संवाददाता, आगरा: सिकंदरा हाईवे पर प्रॉपर्टी डीलर के हमलावर पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिए। उ
जागरण संवाददाता, आगरा: सिकंदरा हाईवे पर प्रॉपर्टी डीलर के हमलावर पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिए। उनसे बरामद पिस्टल और इनोवा की छानबीन जारी है। हमलावर पिस्टल का लाइसेंस नहीं दिखा सके।
सिकंदरा के ककरेठा निवासी प्रॉपर्टी डीलर बबलू और उनके भाई सुनील गुरुवार की रात हाईवे स्थित होटल पर गए थे। वहां केके नगर निवासी अनुज यादव और देव यादव ने साथियों के साथ हमला बोल दिया था। पुलिस ने कई किलोमीटर पीछा करके आरोपियों को मुठभेड़ के बाद इनोवा समेत दबोच लिया। आरोपी अनुज यादव से बरामद पिस्टल के बारे में वह बार-बार बयान बदलता रहा। अनुज ने पहले बताया कि पिस्टल उसके एक रिश्तेदार की है। लाइसेंस रिश्तेदार के पास है, वह बाहर गए हुए हैं। रिश्तेदार का नाम पूछने पर कहने लगा कि पिस्टल उसे शास्त्रीपुरम के व्यक्ति ने दी थी।
इससे पिस्टल को लेकर पुलिस का शक और गहरा हो गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की इनोवा के बारे में छानबीन की। उसका रजिस्ट्रेशन चंडीगढ़ से है। पुलिस ने सॉफ्टवेयर पर गाड़ी का नंबर डालकर सर्च किया, लेकिन वह नहीं मिला। आरोपियों के तार किन लोगों से जुड़ें हैं, पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। सीओ हरीपर्वत ने श्लोक कुमार ने बताया पिस्टल और इनोवा दोनों की जांच कराई जा रही है।