अब एडीजी लेंगे हर दिन एक सर्किल का रिपोर्ट कार्ड
जागरण संवाददाता, आगरा: जोन की बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार की कोशिश अब सर्किल स्तर से होगी। इसके
जागरण संवाददाता, आगरा: जोन की बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार की कोशिश अब सर्किल स्तर से होगी। इसके लिए एडीजी अजय आनंद हर दिन एक क्षेत्राधिकारी से उनके क्षेत्र का रिपोर्ट कार्ड लेंगे।
सत्ता परिवर्तन के बाद लोगों को कानून व्यवस्था में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। बेखौफ अपराधी दनादन वारदातें कर रहे हैं और पुलिस नाकाम साबित हो रही है। इसमें सुधार के लिए अब जोन में एडीजी अजय आनंद नया प्रयोग शुरू करने जा रहे हैं। अब तक जोन के अधिकारियों की समीक्षा एक साथ की जाती थी। मगर, वे एक सीओ को बुलाकर उनके सर्किल की समीक्षा करेंगे। इसके लिए एक प्रारूप तैयार कराया गया है। इसमें बड़ी घटनाएं, उनके अनावरण के साथ-साथ वांछित अपराधियों और उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मांगेंगे। थानों में लंबे समय से विवेचनाएं लंबित हैं। इसलिए वादी और प्रतिवादी पक्ष के लोग अधिकारियों के दफ्तरों में चक्कर लगाते रहते हैं। प्रारूप में इनकी भी जानकारी मांगी है। थानेवार सीओ को अपने सर्किल का रिपोर्ट कार्ड देना होगा। एडीजी अजय आनंद का कहना है कि समीक्षा के बाद सुधार के लिए सभी को एक माह का समय दिया जाएगा। अगर सुधार नहीं हुआ तो उसके बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।